
- विनोद मिश्रा
बांदा। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से जूझ रहे बुंदेलखंड के लिए “एम्स” की उम्मीद जगी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने इस मुद्दे पर अपनी गहरी संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की केंद्र सरकार से “बुंदेलखंड में एम्स” खोलने की पहल का “स्वागत” किया है। जोर दिया है कि “बुंदेलखंड में एम्स की स्थापना बांदा जिले” में ही होनी चाहिए।
पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने बांदा की जमीनी हकीकत को सामने रखा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड प्रदेश में अति पिछड़ा है और बांदा जनपद पिछड़ों में भी सबसे पिछड़ा है। यहां का गरीब आदमी आज भी इलाज के लिए कानपुर, लखनऊ या दिल्ली जाने को मजबूर है। रास्ते में ही कई मरीज दम तोड़ देते हैं। यह दर्द एक जनप्रतिनिधि ही समझ सकता है। इसलिए “एम्स जैसी सुविधा बांदा को मिलनी” ही चाहिए।
पूर्व विधायक दलजीत ने स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अपनी चिंता जाहिर करते हुए मौजूदा मेडिकल कॉलेज की पोल खोली। उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से बना “मेडिकल कॉलेज आज सफेद हाथी” बनकर रह गया है। यहां डॉक्टरों का भारी अभाव है। स्टाफ नर्स नहीं हैं। जांच मशीनें खराब पड़ी हैं। मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है। गंभीर रोगों का इलाज तो दूर, सामान्य ऑपरेशन भी टाल दिए जाते हैं। ऐसी स्थिति में बांदा की जनता के लिए एम्स ही एकमात्र उम्मीद है।
दलजीत सिंह ने तर्क दिया कि “बांदा बुंदेलखंड का हृदय स्थल” है। यहां एम्स बनने से चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर के साथ मध्य प्रदेश के छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। चारों तरफ से सड़क मार्ग से जुड़ा होने के कारण यह सबसे उपयुक्त स्थान है।
पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने कहा कि “एम्स सिर्फ अस्पताल नहीं होगा। यह बांदा के विकास की नई इबारत” लिखेगा। हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मेडिकल टूरिज्म बढ़ेगा। दुकानदारी, ट्रांसपोर्ट और हॉस्टल “कारोबार को पंख” लगेंगे। पलायन रुकेगा और जिले की तस्वीर बदलेगी। दलजीत सिंह ने सीएम योगी का आभार जताया कि उन्होंने बुंदेलखंड के स्वास्थ्य संकट को समझा और केंद्र से “एम्स” की मांग उठाई। अब “गेंद केंद्र सरकार के पाले” में है। बांदा की जनता “टकटकी” लगाए देख रही है कि “कब एम्स की सौगात का ऐलान” होता है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
