
- विनोद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड का दिल ‘बागबां’ है। दिल्ली उसके ‘दिल से दूर न’ हो इसके लिये केंद्र सरकार ने विकास का नया एक्सप्रेसवे खोल दिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने कानपुर-कबरई एनएच-34 पर 117.7 किमी लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे को मंजूरी दे दी है। ये सिर्फ सड़क नहीं, बुंदेलखंड की अर्थव्यवस्था, रोजगार और सम्मान की नई लकीर है। अभी कानपुर से कबरई का सफर 3.5 घंटे का है, जो नया हाईवे बनने के बाद घटकर सिर्फ 1.5 घंटे रह जाएगा। पूरी तरह एलीवेटेड और सिग्नल फ्री होने से रोजाना 30,000 से अधिक ट्रकों को जाम से छुटकारा मिलेगा। इससे माल ढुलाई तेज होगी और लॉजिस्टिक्स कॉस्ट घटेगी। उद्योग, खनन और कृषि क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
यह हाईवे कानपुर, हमीरपुर और महोबा जिले के 90 से अधिक गांवों का कायाकल्प करेगा। गांव सीधे बड़े बाजारों से जुड़ेंगे तो नौजवानों का पलायन रुकेगा। बुंदेलखंड का पत्थर, बालू, मौरंग और कृषि उत्पाद अब सीधे सागर, भोपाल और दिल्ली तक पहुंचेगा। किसान और खनन कारोबारियों की आय में सीधा इजाफा होगा। सबसे बड़ी बात, ये हाईवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। मतलब कबरई से दिल्ली तक सीधी, सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इलाज, पढ़ाई, व्यापार के लिए अब राजधानी दूर नहीं होगी। साथ ही यह हाईवे कानपुर से कबरई होते हुए सागर, भोपाल और मध्य प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों को भी सीधे जोड़ेगा। व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ेगा।
एक्सेस-कंट्रोल्ड होने से सफर सुरक्षित और तेज होगा एलीवेटेड स्ट्रक्चर से नीचे का स्थानीय यातायात भी प्रभावित नहीं होगा। महोबा और हमीरपुर जैसे जिले अब ‘हाईवे हब’ बनेंगे। बाहरी निवेश आएगा। वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगने की संभावना बढ़ेगी। केंद्रीय कैबिनेट के इस फैसले को बुंदेलखंड के लिए ‘गेम चेंजर’ माना जा रहा है। दशकों से पिछड़ेपन का दंश झेल रहे इस क्षेत्र को अब एक्सप्रेस स्पीड से विकास की पटरी पर दौड़ने का मौका मिलेगा। ये फैसला बताता है कि अब विकास फाइलों में नहीं, हाईवे पर दौड़ेगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
