
- विनोद मिश्रा
बांदा। जिले की प्यास मजाक बन चुकी है। ‘जल जीवन मिशन’ अब बांदा के सहेवा गांव में मुंह चिढ़ा रहा है। महुआ ब्लॉक के महादेवन मंदिर मोहल्ले में सरकार ने पाइपलाइन तो बिछवा दी, बोर्ड लगवा दिए, फीता भी कटवा दिया पर पानी एक बूंद नहीं टपका । भीषण गर्मी में जब पूरा जिला आग उगल रहा है, तब इस मोहल्ले के सैकड़ों घरों में चूल्हे तो जल रहे हैं, पर गले तर करने को पानी नहीं। गुस्से से उबल रहे ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर डीएम को ज्ञापन थमा दिया। 25 जून की डेडलाइन ठोंक दी “या तो नल से पानी दो, या फिर कलेक्ट्रेट पर अनशन झेलो।”
ग्रामीणों का खून खौलाने वाला सच ये है की जल जीवन मिशन के नाम पर यहां महीने भर पहले पाइपलाइन बिछाकर ‘हर घर जल’ का दावा ठोंक दिया गया। मगर योजना चालू होने के बाद से आज तक एक घर में भी पानी की एक बूंद नहीं पहुंची। “नल लगे हैं, टोंटी लगी है, पर उनसे निकलती है सिर्फ गर्म हवा और लोगों की आहें”। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी के लिए वो हर दफ्तर का चक्कर काट चुके। जेई को पत्र, ऐई को पत्र, ठेकेदार को फोन पर नतीजा? आज तक एक भी अफसर झांकने नहीं आया कि पाइपलाइन में पानी क्यों नहीं दौड रहा। “कागजों में योजना ‘पूर्ण’ है,फाइलों में ‘जलापूर्ति चालू’ है, पर हकीकत में माताएं-बच्चे 2-2 किमी दूर से मटके ढो रहे हैं।
गर्मी 47 डिग्री पार कर चुकी है। हैंडपंप हांफ गए, कुएं दम तोड़ चुके। ग्रामीणों ने ज्ञापन में साफ लिखा ’25 जून तक महादेवन मंदिर मोहल्ले’ के हर घर में पानी नहीं आया तो पूरा मोहल्ला कलेक्ट्रेट पर बेमियादी अनशन पर बैठेगा। इसके बाद जो होगा, उसकी लाठी-गोली की जिम्मेदारी डीएम-एसडीएम की होगी। उधर नमामि गंगे के एडीएम मदन मोहन वर्मा ने कहा कि शिकायत मिली है, “जांच होगी। प्रश्न यह है कि जब पाइपलाइन बिछी,पेमेंट हुआ,उद्घाटन हुआ तो जांच अब किस बात की? क्या *.369/0258पानी भी ‘जांच रिपोर्ट’ के बाद आएगा? पाइपलाइन है, सोर्स है, फिर मोहल्ला सूखा क्यों? काम अधूरा,फिर भी पेमेंट फुल? दर्जनों शिकायत के बाद भी एक दौरा नहीं? ‘जल ही जीवन है’ का नारा देने वाली सरकार के राज में जब ‘जल जीवन मिशन’ ही लोगों को ‘जल बिन मछली’ बना दे, तो गुस्सा सातवें आसमान पर जाएगा ही।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
