![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/09/WhatsApp-Image-2024-09-07-at-6.52.59-PM-263x300.jpeg)
- शरद मिश्रा
लखनऊ। हवाई जहाज की तरह अब ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अपना लगेज संभाल कर चलना होगा। रेलवे ने सख़्त नियम लागू करते हुए हवाई जहाज की तरह ट्रेनों में भी सामान पर लिमिट तय कर दी है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन लगाने का फ़ैसला लिया है। यानी अब स्टेशन पर प्रवेश से पहले ही आपके बैग का वज़न तौला जाएगा और तय सीमा से अधिक निकला तो जेब से मोटा जुर्माना देना पड़ेगा।

पहले रेलवे नरमी बरतता था, लेकिन अब यह रुख बदल गया है। यदि कोई यात्री निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर सफर करता है और उसका एडवांस बुकिंग चार्ज नहीं देता, तो उसे अतिरिक्त सामान के बुकिंग चार्ज का छह गुना जुर्माना भरना पड़ सकता है। यह कदम अनुशासन और सुचारु संचालन के लिए उठाया गया है। प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, कानपुर सेंट्रल, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों के सभी इंट्री प्वाइंट्स पर लगेज वजन मशीनें लगाई जाएंगी। इन मशीनों से वजन की जांच के बाद ही यात्री प्लेटफॉर्म पर प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा, उतरने वाले यात्रियों के सामान की भी जांच की जा सकती है।

प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने बताया कि वजन मशीन लगाने को लेकर मंथन जारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी का लगेज आकार में बड़ा हो और वजन निर्धारित सीमा से कम हो, फिर भी अधिक जगह घेरने पर जुर्माना लागू होगा। यह नियम यात्रियों के लिए सुविधा और अनुशासन दोनों को सुनिश्चित करेगा। रेलवे ने विभिन्न श्रेणियों के लिए सामान ले जाने की सीमा तय की है जिसमें एसी फर्स्ट में 70 किग्रा, टू में 50 किग्रा, थ्री में 40 किग्रा व स्लीपर में 40 किग्रा और जनरल में 35 किग्रा है। इस सीमा का पालन न करने पर यात्री को जुर्माना भुगतना होगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
