
- विनोद मिश्रा
बांदा। प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण गढ़ने वाले और युवा राजनीति का चेहरा माने जाने वाले आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने बांदा में आयोजित मंडलीय ‘भाईचारा बनाओ- अस्तित्व बचाओ’ प्रबुद्ध सम्मेलन में भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ और गूंजते नारों के बीच चंद्रशेखर ने कहा कि ‘भाजपा से जनता को आज़ादी दिलाना लोकतंत्र के लिए अब सबसे जरूरी’ हो गया है।

उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश के हर गांव में “वोट रक्षक दल” खड़ा किया जाएगा, ताकि मतदाताओं की ताकत सुरक्षित रहे और लोकतंत्र की चोरी को रोका जा सके। चंद्रशेखर ने कहा कि “बाबा साहब आंबेडकर ने बैलेट से चुनाव की व्यवस्था दी थी, लेकिन भाजपा ने इस व्यवस्था को ईवीएम के जरिए संदिग्ध बना दिया है। आज वोट चोरी के खुलासों से जनता में भारी आक्रोश है। भीम आर्मी अब वोट की सुरक्षा के लिए गांव-गांव आंदोलन खड़ा करेगी।” चंद्रशेखर ने 2017 के भाजपा के वादों की याद दिलाई। कहा कि “100 दिन में सड़कें गड्ढामुक्त होंगी” का वादा किया गया था, लेकिन आठ साल बीत जाने के बाद भी गड्ढे जस के तस हैं। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों की वेतन वृद्धि की मांग को दरकिनार कर दिया गया है, बेरोजगार एवं कर्मचारी लगातार आंदोलनरत हैं।

चंद्रशेखर ने किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाया। बोले कि प्रदेश में खाद का संकट खड़ा कर दिया गया है। किसान जब खाद मांगते हैं तो सरकार की पुलिस उन पर लाठियां बरसाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया जापान और चीन दौरे पर चंद्रशेखर ने तीखा वार किया। उन्होंने कहा “स्वदेशी का झंडा उठाने वाली भाजपा अब विदेशी कंपनियों को देश में व्यापार करने का न्योता दे रही है। योगी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। अपराधी खुलेआम वारदातें कर रहे हैं! चंद्रशेखर ने लोकसभा में वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्षी एकजुटता ही अब लोकतंत्र को बचा सकती है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
