
- शरद मिश्रा
बांदा। शहर में “टप्पेबाजी और चोरी” की लगातार बढ़ती घटनाओं के पीछे छिपा खौफनाक सच आखिर सामने आ गया। बांदा पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने शातिर तरीके से लोगों को निशाना बनाकर लाखों की वारदातों को अंजाम दिया।

पुलिस ने इस गिरोह के 6 सदस्यों चार महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास से करीब 32 लाख रुपये के आभूषण, नकदी और एक लग्जरी कार बरामद हुई है। यह गिरोह बेहद चालाकी से काम करता था। भीड़भाड़ वाले इलाकों, मंदिरों और बाजारों में महिलाएं आगे रहतीं और मासूम दिखकर लोगों का ध्यान भटकातीं, जबकि बाकी सदस्य पर्स और जेवरात पर हाथ साफ कर देते।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर चोरी और टप्पेबाजी करते थे। चोरी के जेवरों को गलाकर पहचान मिटा दी जाती थी और फिर आपस में बांट लिया जाता था। बरामद ग्रैंड विटारा कार भी इसी काले धंधे की कमाई से खरीदी गई थी।

इस गिरोह का पर्दाफाश 10 और 19 फरवरी 2026 को हुई दो घटनाओं के बाद हुआ। तिंदवारी क्षेत्र में उमा का पर्स रिक्शे में उड़ा लिया गया। मौदहा निवासी रिन्शू सिंह के बैग से संकट मोचन मंदिर के पास जेवरात पार कर लिए गए। इन घटनाओं ने पुलिस को अलर्ट किया और जांच तेज कर दी गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सटीक सूचना पर मवई बाईपास महोबा रोड पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया। जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि गिरोह के सभी सदस्य आपस में रिश्तेदार हैं और पेशेवर अपराधी हैं।

हरियाणा और राजस्थान से जुड़े इस गिरोह ने अपराध को ही ‘परिवारिक पेशा’ बना लिया था। इतना ही नहीं, यह गिरोह बच्चों का भी इस्तेमाल करता था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस के अनुसार, चैत्र नवरात्रि के दौरान यह गिरोह मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
