
- विनोद मिश्रा
बांदा। बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव ने पूरे जिले की राजनीति को गरमा दिया है। सपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है, वहीं भाजपा नए समीकरणों के साथ अपनी सियासी ताकत आजमाने में जुटी है। कांग्रेस अपनी रणनीति को धार देने में लगी है।

नगर पंचायत अध्यक्ष रहे सूर्यपाल यादव के आकस्मिक निधन के बाद खाली हुई सीट पर सपा ने उनकी विधवा महाबेसिया यादव को उम्मीदवार बनाकर सहानुभूति कार्ड खेला है। बबेरू के सपा विधायक विशंभर सिंह यादव और सपा सांसद कृष्णा पटेल चुनाव की कमान संभाले हैं। सजातीय वोटों को लामबंद करने के साथ दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश जारी है।

पिछले चुनाव में मामूली अंतर से हार का सामना करने वाली भाजपा ने इस बार नए उम्मीदवार विवेकानंद गुप्ता को मैदान में उतारा है। पार्टी “सर्व वैश्य एकता” के नारे के साथ व्यापारिक समुदाय को साधने का प्रयास कर रही है। उसका दावा है कि इस बार वह बबेरू में इतिहास बदलने के लिए तैयार है।

कांग्रेस ने भाजपा के बागी ब्राह्मण चेहरे रामनरेश मिश्रा को टिकट देकर जातीय समीकरणों पर फोकस किया है। उन्हें गैर-ब्राह्मण नेताओं का समर्थन भी मिल रहा है, जो सपा और भाजपा के लिए चुनौती बन सकता है! कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। 17 दिसंबर को होने वाले मतदान में मतदाताओं की चुप्पी इस चुनाव को और रोमांचक बना रही है। सपा अपनी सीट बचाने की कोशिश में है, जबकि भाजपा जीत का सपना देख रही है। कांग्रेस भी हम किसी से कम नहीं की तर्ज पर ताल ठोंके है। वह आश्चर्य जनक परिणाम की उम्मीद में है। कुल मिलाकर चुनाव परिणाम न केवल नगर पंचायत का चेहरा बदल सकते हैं, बल्कि क्षेत्र की सियासी दिशा भी तय करेंगे। अब देखना यह है कि सहानुभूति का कार्ड काम आता है या जातीय और क्षेत्रीय समीकरण जीत की कुंजी बनते हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
