
- विनोद मिश्रा
बांदा। अब गांव की ‘बेटियों के सपनों को दूरी और संसाधनों की कमी नहीं रोक‘ पाएगी। आर्थिक तंगी और सुरक्षित आवासीय व्यवस्था के अभाव में बीच में ‘छूट जाने वाली पढ़ाई अब नए मुकाम’ तक पहुंचेगी। बबेरू और नरैनी में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने दो नए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तैयार हो गए हैं। इन विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के साथ छात्राओं के रहने की भी सुविधा होगी। दोनों विद्यालयों को निर्माण एजेंसी सीएनडीएस ने बेसिक शिक्षा विभाग को ‘हैंडओवर’ कर दिया है। प्रत्येक विद्यालय में 400 छात्राओं की क्षमता होगी, जिससे कुल 800 छात्राएं लाभान्वित होंगी।
करीब दो वर्ष पहले जिले में बबेरू, नरैनी, बिसंडा और बड़ोखर खुर्द में चार कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को मंजूरी मिली थी। प्रत्येक विद्यालय के निर्माण पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें बबेरू और नरैनी के विद्यालय पूरी तरह तैयार होकर विभाग को सौंप दिए गए हैं, जबकि बिसंडा और बड़ोखर खुर्द के विद्यालयों में हैंडओवर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। नवनिर्मित विद्यालयों में आधुनिक एकेडमिक ब्लॉक, आवासीय छात्रावास, भोजन, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक की चारों कक्षाओं में 100-100 छात्राओं के प्रवेश की क्षमता निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 जुलाई को अपने बांदा दौरे के दौरान बबेरू और नरैनी स्थित इन विद्यालयों का लोकार्पण किया था। दोनों विद्यालयों में कक्षा 9 की 25-25 छात्राओं का प्रवेश भी हो चुका है और फिलहाल उनकी ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। सीएनडीएस के परियोजना प्रबंधक रंजीत कुमार ने बताया कि चारों कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। बबेरू और नरैनी के विद्यालय विभाग को सौंपे जा चुके हैं, जबकि बिसंडा और बड़ोखर खुर्द के विद्यालयों के हैंडओवर की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
