- ब्यूरो रिपोर्ट
मुंबई/कोलंबो। टी-20 वर्ल्डकप के महामुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। यह टी-20 वर्ल्डकप में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में मात्र 114 रन पर ढेर हो गई।

– ईशान का तूफान, पाकिस्तान हुआ बेबस
भारत की पारी के हीरो रहे ईशान किशन, जिन्होंने 77 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच की दिशा तय कर दी। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की रणनीति ध्वस्त कर दी। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन और तिलक वर्मा ने 25 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

– 34 रन पर गिरे चार विकेट, ढह गया पाकिस्तान
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 34 रन के भीतर ही चार बड़े विकेट गिर गए। बाबर आजम समेत साहिबजादा फरहान, सैम अयूब और सलमान आगा दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। विकेटकीपर बल्लेबाज उस्मान खान ने 32 गेंदों पर 40 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने वह भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट झटककर पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 सफलता मिली। टी-20 वर्ल्डकप इतिहास में यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की आठवीं जीत है। अब तक दोनों टीमों के बीच 9 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 8 बार भारत और सिर्फ एक बार पाकिस्तान को जीत मिली है। रनों के अंतर से यह भारत की पाकिस्तान पर टी-20 वर्ल्डकप में सबसे बड़ी जीत बन गई है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
