
- विनोद मिश्रा
बांदा। दोस्ती का विश्वासघात, अपहरण की साजिश और फिरौती की जबरन वसूली यह कोई फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं, बल्कि हकीकत है। जहां एक गिरोह ने अपहरण और लूट की ऐसी साजिश रची कि पुलिस भी चौंक गई। “चाचा आपसे जरूरी बात करनी है।” ये शब्द सुनकर एक निगमकर्मी ने भरोसे में आकर कदम बढ़ाया, लेकिन उसे नहीं पता था कि वो सीधे अपने किडनैपिंग के जाल में फंसने जा रहा है। चिल्ला पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

कानपुर नगर निगम में सफाई सुपरवाइजर के पद पर तैनात दयाराम, जो पुराना कानपुर का रहने वाला है, 11 जुलाई को एक कॉल पर फतेहपुर पहुंचता है। फोन करने वाली कोई और नहीं, बल्कि उसकी पूर्व परिचित मोना देवी थी, जो पहले उसी मकान में पति पिंटू सोनी के साथ रहती थी। मोना ने ‘चाचा’ कहकर भरोसा दिलाया, और फिर जो हुआ, वो रूह कंपा देने वाला था। जैसे ही दयाराम फतेहपुर पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे मोना देवी, पिंटू सोनी, उसका भाई बजरंगी और दो अन्य बदमाशों ने मिलकर दयाराम को ऑटो में घसीटा और सीधे चिल्ला कस्बा ले गए। वहां कमरे में बंधक बनाकर पहले जमकर पीटा गया, फिर तमंचा तानकर उसकी सोने की अंगूठी, चेन और 15,000 नगद छीन लिए गए। फिर उसके मोबाइल से यूपीआई का पासवर्ड लेकर 2,99,800 मोना देवी के खाते में ट्रांसफर कर लिए।

पुलिस पूछताछ में मुख्य साजिशकर्ता पिंटू सोनी ने खुलासा किया कि वो पहले कानपुर में ऑटो चलाता था और दयाराम के ही मकान में किराए पर रहता था। पत्नी मोना और दयाराम के बीच बातचीत से चिढ़कर उसने मकान छोड़ा और अब पत्नी, भाई और साथियों के साथ मिलकर पांच लाख की फिरौती वसूलने की योजना बनाई। दयाराम उनके लिए सिर्फ एक ‘कमाई का ज़रिया’ बन गया था। दयाराम किसी तरह 14 जुलाई की रात उन दरिंदों के चंगुल से भाग निकला और सीधा थाने पहुंचा। रिपोर्ट दर्ज होते ही चिल्ला पुलिस ने एक्शन में आते हुए चारों अभियुक्तों को चिल्ला बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 3,69,800 नकद, एक टूटी हुई चेन, अंगूठी, तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयोग हुआ ऑटो बरामद कर लिया गया।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
