
- विनोद मिश्रा
बांदा। प्रेम प्रसंग का एक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया, जिसने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। जिस किशोरी को परिजन कई दिनों की तलाश के बाद घर वापस लाए थे, उसी के दरवाजे पर कुछ ही दिन बाद उसका प्रेमी फिल्मी अंदाज में पहुंच गया। आरोप है कि वह परिजनों की मौजूदगी में ही किशोरी को दोबारा अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। देखते ही देखते घर के बाहर हंगामा मच गया और पूरा गांव मौके पर उमड़ पड़ा। देहात कोतवाली क्षेत्र में परिजनों के अनुसार उनकी 17 वर्षीय बेटी का हमीरपुर जनपद के एक गांव निवासी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि 23 जून को युवक किशोरी को अपने साथ लेकर चला गया था। काफी खोजबीन के बाद परिजन किशोरी को वापस घर ले आए। परिवार को लगा कि अब मामला शांत हो गया है, लेकिन 26 जून को घटनाक्रम ने अचानक ‘फिल्मी मोड़’ ले लिया।
बताया जाता है कि युवक सीधे किशोरी के घर पहुंच गया और उसे फिर अपने साथ चलने के लिए कहने लगा। परिजनों ने इसका विरोध किया तो शोर-शराबा शुरू हो गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और युवक को घेरकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक बार किशोरी के घर लौट आने के बाद भी युवक इतनी बेखौफ तरीके से दोबारा घर तक कैसे पहुंच गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर देहात कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया है, जबकि किशोरी को काउंसिलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
