- विनोद मिश्रा
बांदा। भाई-बहन के पवित्र रिश्तों का त्योहार रक्षाबंधन “बुन्देलखण्ड में साम्प्रदायिक सौहार्द” की मिसाल भी है। झांसी की “रानी लक्ष्मीबाई ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बांदा के नवाब अली बहादुर को राखी बांध कर फिरंगी सेना के खिलाफ मदद” मांगी थी। पत्र पढ़ते ही नवाब लक्ष्मी बाई की मदद के लिये सेना लेकर झांसी कूच कर गये थे।

रानी ने शुद्घ बुंदेली भाषा में अपने डाकिए लाला दुलारेलाल के हाथ चैत्र सुदी संवत्सर 1914 (सन् 1857) को बांदा के नवाब अली बहादुर को राखी के साथ चिट्ठी भेजी थी। उस चिट्ठी में लिखा था कि “हमारी राय है कै विदेसियों का सासन भारत पर न भओ चाहिजे और हमको अपुन कौ बड़ौ भरोसौ है और हम फौज की तैयारी कर रहे हैं शो अंगरेजन से लड़वौ बहुत जरूरी है पाती समाचार देवै में आवे” यह पत्र कलम और स्याही से लिखा प्रतीत होता है, इसमें न तो कोई विराम है और न ही शब्दों में जगह छूटी है।

रानी लक्ष्मी बाई द्वारा लिए गए पत्र का हिंदी रूपांतरण इस प्रकार है, ‘हमारी राय है कि विदेशियों का शासन भारत पर नहीं होना चाहिए। हमको आप पर बहुत भरोसा है और हम फौज की तैयारी कर रहे हैं। अंग्रेजों से लड़ना बहुत जरूरी है। इसलिए पत्र पाते ही अतिशीघ्र आवें।’

इतिहासकार एवं संपादक रामेश्वर गुप्ता ने इस सम्बंध में कहा, “यह पत्र रानी झांसी का हस्तलिखित है”। पत्र और राखी मिलते ही नवाब अली बहादुर अपनी दस हजार सैनिकों की फौज लेकर बहन की रक्षा हेतु झांसी कूच कर गए थे।

मगर नवाब के पहुंचने से पूर्व रानी किले से कूद कर कालपी की ओर निकल गईं। नवाब और फिरंगी सेना में भीषण संग्राम हुआ था, भारी तादाद में अंग्रेजी सैनिक मारे गए थे। रानी का अंतिम संस्कार भी मुंह बोले भाई नवाब अली नें किया। इसके बाद अंग्रेजी सेना नें उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
