- विनोद मिश्रा
बांदा। पैलानी क्षेत्र में अमलोर सहित कई खदानों में इस समय जमकर अवैध खनन और ओवरलोडिंग का खेल चल रहा है। महोबा की पीएम रैली में यह मुद्दा पहुंच चुका है। ऐसे में डीएम के निर्देश पर संयुक्त टीम ने रात में जांच की। इस दौरान तीन अलग-अलग जगहों से बिना रवन्ना मौरंग से ओवरलोड 53 ट्रक पकड़े गए। इन्हें सीज कर दिया गया है। पकड़े गए ट्रकों से करीब सवा करोड़ रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इस बीच जांच की भनक लगने पर 12 ट्रक मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गए। इन्हें भी सीज किया गया है।

महोबा में 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में जनपद के पैलानी क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन और ओवरलोडिंग का मुद्दा गूंजा था। इसको लेकर प्रशासन सख्ते में आ गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार की देर रात खनिज निरीक्षक ईश्वरचंद्र, एसडीएम पैलानी सुरभि शर्मा, सीओ सदर सत्य प्रकाश और पीटीओ एसके मिश्रा आदि की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ कई जगह जांच की। सबसे पहले टीमों ने पपरेंदा चौकी के पास खप्टिहा-परेंदा मार्ग पर जांच की। यहां अमलोर खदान से आ रहे 11 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ा। चालक मौरंग का रवन्ना व अन्य कागज भी नहीं दिखा सके।

अधिकारियों ने इन ट्रकों को सीजकर पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह की सुपुर्दगी में कर दिया। वहीं पैलानी थाना क्षेत्र में कालेश्वर से लेकर अमलोर पुलिया तक 27 ओवरलोड ट्रक पकड़े गए। इसके अलावा जसपुरा थाना क्षेत्र में गौरी-अमारा मार्ग पर खदानों से ओवरलोड मौरंग लेकर आ रहे 15 ट्रक पकड़े गए। इन सब ट्रकों को सीजकर पुलिस की सुपुर्दगी में किया गया है। इसके अलावा रेहुंटा-अमलोर मार्ग पर करीब 12 ट्रक चालक मौके पर छोड़कर भाग निकले। इनमें भी ओवरलोड मौरंग थी। टीम ने इन ट्रकों को भी सीज कर दिया।

– खप्टिहा व अमलोर खदानों में अवैध खनन
खप्टिहाकलां में चल रही केन नदी उस पार की खदानों 100 बटा तीन एवं 100 बटा एक में जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। ओवरलोड ट्रक गौरी-अमारा संपर्क मार्ग से निकाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि अमलोर खदान में दबंग ठेकेदार व उनके गुर्गे रातों-दिनों प्रतिबंधित पोकलैंड व लिफ्टर मशीन उतारी गई हैं। साथ ही ओवरलोडिंग भी जमकर हो रही है। इसकी शिकायत किसानों ने दो दिन पूर्व डीएम से मिलकर की थी। आरोप लगाया था कि ठेकेदार जबरन किसानों के खेतों से ट्रक निकाल रहा है। इससे उनकी फसलें चौपट हो रही हैं।
( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
