- विनोद मिश्रा
बांदा। नवंबर माह का एक पखवारा बीतने को है। लोगों को बीमारी से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। वायरल फीवर सर्दी, जुकाम, बुखार, डायरिया से पीड़ित मरीजों की भरमार है। अस्पताल खुलने के पहले ही मरीजों की खासी भीड़ जमा हो जाती है। पर्चा बनवाने के बाद मरीज डाक्टरों के चेंबरों में लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। मच्छर जनित बीमारी डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उनके पास इस बीमारी से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं। डेंगू से पीड़ित तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब तक डेंगू से 71 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई हैं। इधर डेंगू भी लगातार जानलेवा होता जा रहा है। पिछले दिनों अतर्रा थाना क्षेत्र के बसरेही गांव निवासी पूर्व प्रधान के बेटे की डेंगू से मौत हो गई थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इसे स्वीकार नहीं किया।
– चपेट में आए तीन और मरीज
लगातार डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को डेंगू से पीड़ित सुशील (22) पुत्र रामकरण निवासी मरका, विष्णुकांत (23) पुत्र विनोद मंडी परिषद, अर्जुन (18) पुत्र आलोक मवईजार हमीरपुर को भर्ती कराया गया। इन दिनो डेंगू वार्ड में 10 मरीज भर्ती हुए थे। इसमें दो मरीजों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र में बताया कि अप्रैल माह से 13 नवंबर तक डेंगू से 71 लोग पाजिटिव पाए गए हैं।

जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. हृदयेश पटेल ने बताया कि इन दिनों बीमारियां बढ़ी हुई हैं। जिले में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पीएचसी और सीएचसी में भर्ती होने वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। मरीजो के लिए पहले ही कार्डियोलाजी में 10 बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है। पाजिटिव मरीजों को इसी वार्ड में भर्ती किया जाता है। सीएमएस डाक्टर एसएन मिश्रा ने बताया कि अब इमरजेंसी वार्ड को 15 बेड का डेंगू वार्ड बनाया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसी वार्ड में मरीजों को भर्ती किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इमरजेंसी वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को पुरुष और महिला वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके यहां एलाइजा रीडर से डेंगू की जांच होती है। प्रतिदिन 20 से 30 जांचें होती हैं। उनके यहां प्लेटलेट भी उपलब्ध है। इधर, जिला अस्पताल स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। वैसे भी उनके यहां स्टाफ कम है। इसके बाद डेंगू वार्ड भी बना दिया गया है। वहां के लिए भी स्टाफ की जरूरत है। दिन में तो किसी तरह से काम चला लिया जाता है लेकिन रात में यह वार्ड सिर्फ वार्ड ब्वाय के भरोसे रहता है।
सीएमएस ने बताया कि डेंगू वार्ड के लिए उन्होंने सीएमओ से चार स्टाफ नर्सों की मांग की थी। लेकिन चार में से उन्होंने एक ही स्टाफ नर्स उपलब्ध कराई है। इन दिनों डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। वह अस्पताल के ही स्टाफ को डेंगू वार्ड में लगाए हुए हैं। रात को इमरजेंसी ट्रामा सेंटर से ही नर्सें कार्डियोलाजी में आकर मरीजों का इलाज करती हैं। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
