- विनोद मिश्रा
बांदा। शराब के नशे में घर आने पर पिता के डांटने व पत्नी से कहासुनी होने से नाराज युवक ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। चिकित्सकों ने उसे पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तिंदवारी थाना के ग्राम भुजरख निवासी अमरपाल यादव का 25 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार शराब के नशे में घर पहुंचा था। पिता ने दिन भर बाहर घूमने व काम न करने के साथ नशा करने को डांटा था। पत्नी ने भी शराब पीने व ठीक से खाने का ध्यान न देने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया। पिता के घर से बाहर जाने पर आंगन में चारपाई पर बैठे युवक ने तमंचे से अपने बाएं पैर के पंजे में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर नजदीक बैठी मां सावित्री ने अन्य स्वजन को मामले की जानकारी दी। जिसमें आनन-फानन स्वजन उसे तिंदवारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में चिकित्सकों की सलाह पर स्वजन उसे ट्रामा सेंटर ले गए।

पिता व चचेरे भाई योगेंद्र ने बताया कि वह पहले दिल्ली में मारवल पालिश की ठेकेदारी करता रहा है। छह माह पहले वहां से घर चला आया था। शुक्रवार को पूरा दिन वह बिना बताए घर से बाहर घूमता रहा है। एक वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी, उसके एक पुत्र है। समझाने पर वह नाराज हो गया था। खाना नहीं खा रहा था। इसके बाद उसने यह कदम उठाया है।

सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते युवक का खुद को गोली मारना सामने आया है। उसका पत्नी से विवाद चल रहा है। थाना निरीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शराब के नशे में घरेलू विवाद होने पर युवक ने खुद को गोली मारी है। तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद किया गया है। उसके विरुद्ध आत्महत्या का प्रयास करने व अवैध असलहा रखने का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
