- ब्यूरो रिपोर्ट
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती आगामी 7 फरवरी को प्रदेश भर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक करेंगी। बैठक में आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन के कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी। इस बैठक को पार्टी के चुनावी रोडमैप की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में जोनल स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इस दौरान बसपा सुप्रीमो चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगी।

गौरतलब है कि हाल ही में मायावती ने विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पार्टी की ओर से 1600 टीमों का गठन किया गया, जिन्हें गांव-गांव जाकर बसपा समर्थकों को सक्रिय करने और नए मतदाता जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बैठक के दौरान इन टीमों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी। इसके साथ ही एसआईआर (Special Intensive Revision) से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी भी सभी पदाधिकारियों को देनी होगी।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में यूजीसी के नए नियमों को लेकर भी चर्चा होगी। मायावती इस मुद्दे पर पार्टी की स्पष्ट रणनीति और रुख पदाधिकारियों के सामने रखेंगी, ताकि उसे प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जा सके। बताया जा रहा है कि यूजीसी के नए नियमों पर बसपा की अब तक की संतुलित और सधी हुई प्रतिक्रिया को राजनीतिक हलकों में सराहा गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस मुद्दे के जरिए सवर्ण वोट बैंक में अपनी पैठ मजबूत की जा सकती है। इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी विधानसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष, बामसेफ के जिला संयोजक, भाईचारा कमेटी के पदाधिकारी और मंडल संयोजक मौजूद रहेंगे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
