- विनोद मिश्रा
बांदा। कलेक्ट्रेट में तैनात रहे दिवंगत कर्मी की पत्नी से पेंशन दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मी को डीएम ने निलंबित कर दिया। मामले की जांच लेखाकार को सौंपी और 15 दिन में रिपोर्ट मांगी है। कर्मी का यह रिश्वत लेने का पहला मामला नहीं है।

‘अउर कोहू से मिलिहा तौ काम न हुई, मैं तुम्हार काम करइहौं’, ऐसे शब्द बोलकर वह लोगों को झांसे में लेता है और अवैध धन उगाही करता है। मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय में दो दिन पूर्व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राममिलन कुशवाहा ने पेंशन दिलाने के नाम पर महिला से 1500 रुपये ऐंठ लिए। डीएम के पास मामला पहुंचा तो जांच में आरोप सही पाए गए। डीएम ने उसे तत्काल निलंबित कर दिया।

कलेक्ट्रेट में सेवानिवृत्त कर्मचारी गुलाब सिंह की कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी। पत्नी पेंशन के लिए कोषागार के चक्कर लगा रही है। कर्मचारी का पुत्र पुष्पेंद्र सिंह गुरुवार को मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय पहुंचा तो चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने उसे अपने झांसे में ले लिया। कहा कि 15 सौ रुपये दो तो मैं तुम्हारे मां की पेंशन आज ही बनवा दूंगा। पुष्पेंद्र ने मां से लेकर 15 सौ रुपये उसे दे दिए।
साथ ही जिलाधिकारी से मामले की शिकायत भी कर दी। डीएम अनुराग पटेल ने तत्काल मुख्य कोषाधिकारी विनोद बाबू को फोन कर मामले की जांच कराने और संबंधित कर्मचारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्य कोषाधिकारी ने खुद मामले की जांच की 15 सौ रुपये रिश्वत लेने की शिकायत सही मिली। उन्होंने कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की जांच लेखाकार अवधेश यादव को सौंपी और 15 दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। मुख्य कोषाधिकारी दिनेश बाबू ने बताया कि राममिलन कुशवाहा की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, पर कोई सामने आकर अपनी बात कहने को तैयार नहीं था। इसलिए कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। वह गेट पर लगता है और कोई भी कर्मचारी काम कराने आता है तो उसे झांसे में लेकर रुपये ऐंठ लेता है। जांच के बाद उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
