बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी अब सुभासपा के टिकट पर सदर विधानसभा से चुनाव नहीं लड़ेंगे। वह अपने बेटे को विरासत में मऊ की सदर सीट से इस बार सुभासपा- सपा गठबंधन से चुनाव लड़ाएंगे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार अब्बास अंसारी नामांकन भी सुभासपा के टिकट पर दाखिल करेंगे। लंबे समय से चल रहा सीट को लेकर मंथन आखिरकार अब्बास अंसारी के तौर पर सामने आ गया। अब दूसरी पीढ़ी पिता की सियासत की विरासत को आगे बढ़ाएगी।

पूर्वांचल की चर्चित विधानसभा 356 मऊ सदर पर विधायक मुख्तार अंसारी इस बार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने विरासत में अपनी सीट पर अपने बेटे अब्बास अंसारी को उतारने का फैसला लिया है। वहीं अब्बास अंसारी कलेक्ट्रेट सभागार में सदर विधानसभा के आरओ के यहां नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। दरअसल पूर्व में जहूराबाद विधानसभा सीट से सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने ही इस बाबत मुख्तार या अब्बास में से किसी एक के मऊ सदर से चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में बता कर सियासी माहौल को गरमा दिया था। इस बाबत मुख्तार के अधिवक्ता दारोगा सिंह ने बताया कि अब्बास अंसारी मऊ सदर से नामांकन दाखिल कर रहे हैं।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन उनके अधिवक्ता दारोगा सिंह ने कोर्ट से सारी प्रक्रियाएं पूरी करवाई थी। कोर्ट से 22 सदस्यीय टीम को बांदा जेल जाने की हरी झंडी भी मिल गई थी। सभी की आइटीपीसीआर जांच की जा रही थी। मुख्तार के अलावा बेटे अब्बास का भी सुभासपा से नामांकन पत्र लिया था। सोमवार को अचानक रणनीति बदली और मुख्तार के अधिवक्ता दारोगा सिंह उनके बेटे अब्बास अंसारी के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच गए। इस बीच उन्होंने ऐलान किया कि अब मुख्तार अंसारी की सीट पर केवल अब्बास अंसारी ही चुनाव लड़ेंगे। अचानक मुख्तार अंसारी द्वारा सदर सीट को वरासत में बेटे को दिए जाने से चर्चाएं तेज हो गई है।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा से मुख्तार अंसारी ने 356 मऊ सदर विधानसभा से चुनाव लड़ा था तो उनके बड़े बेटे अब्बास अंसारी ने बसपा से ही घोसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान की परंपरागत सीट पर पहली बार मुख्तार घराने ने मजबूत दस्तक दी। इस चुनाव में बसपा के प्रत्याशी अब्बास अंसारी 81,295 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी फागू चौहान को 88,298 वोट पाकर जीत हासिल किए थे। इस बार घोसी विधानसभा सीट पर भाजपा से सपा में आए मंत्री दारासिंह चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में मजबूत दस्तक देने व दूसरे नंबर पर रहने वाले अब्बास को इस बार टिकट नहीं मिला है। इधर सदर सीट से विधायक मुख्तार अंसारी लगातार पांच जीत दर्ज कर चुके हैं। छठवीं बार सुभासपा के बैनर तले उनके बेटे मैदान में उतर चुके हैं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
