
- विनोद मिश्रा
बांदा। नाबालिग बालिका के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने महज कुछ ही समय में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
24 जुलाई की शाम मरका थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका पारिवारिक कारणों से अपने ननिहाल जाने के लिए निकली थी। देर रात बांदा पहुंचने पर वह नरैनी जाने के लिए एक ई-रिक्शा में बैठी। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नरेश ने अपने साथी एजाज को बुलाया और दोनों ने मिलकर बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पीड़िता को सकुशल बरामद कर मेडिकल कराया गया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद एसपी पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई टीमों का गठन किया।
पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा शुरू किया। रविवार को गंछा रोड पर आरोपियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी एजाज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी नरेश को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांस्टेबल मोहम्मद यूनुस और इंद्रपाल सिंह भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। आरोपी एजाज का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस, कोतवाली नगर और मरका पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
