
- शरद मिश्रा
बांदा। खरीफ की बुवाई अपने चरम पर है, लेकिन किसान खेत से ज्यादा खाद केंद्रों की कतारों में दिखाई दे रहे हैं। दूसरी ओर स्मार्ट बिजली मीटर से बढ़े बिलों ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इन्हीं दो बड़े जनसरोकार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजते हुए किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देने की मांग की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि जिले में खरीफ फसल की बुवाई और रोपाई तेजी से चल रही है, लेकिन खाद केंद्रों पर किसानों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी पर्याप्त यूरिया और डीएपी नहीं मिल रही। इससे खेती प्रभावित हो रही है और किसान आर्थिक तथा मानसिक संकट झेल रहे हैं।
उनका कहना था कि यदि समय रहते खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा। कांग्रेस ने स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर भी सरकार को घेरा। पार्टी का आरोप है कि जिले के कई इलाकों से स्मार्ट मीटर में अधिक रीडिंग दर्ज होने और बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
महंगाई से पहले ही परेशान लोगों पर बढ़े हुए बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जिससे जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे प्रदेश में किसानों के लिए पर्याप्त ‘यूरिया और डीएपी’ की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही ‘स्मार्ट मीटर से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच’ करायें।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
