
- विनोद मिश्रा
बांदा। पैग़ंबर हज़रत मोहम्मद साहब का यौमे विलादत (जन्मदिन) जश्ने ईद मीलादुन्नबी के रूप में बड़े ही अकीदत, शान और सौहार्द के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर का हर कोना रोशनी,जुलूस और झांकियों से सराबोर रहा। यह सिर्फ़ एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि कौमी एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब का शानदार प्रदर्शन भी बना। जश्ने ईद मीलाद से एक दिन पहले ही शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में रौनक बिखर गई थी। गलियों और चौक-चौराहों को बिजली की रंगीन झालरों से सजाया गया।

हर तरफ़ हरे परचम और झंडे-झंडियों की खूबसूरत छटा नज़र आ रही थी। शुक्रवार दोपहर से शहर के विभिन्न मोहल्लों कालवनगंज, मर्दन नाका, कुंजरहटी, मनोहरीगंज, छावनी, गूलरनाका, अलीगंज और अमर टाकीज तिराहा से जुलूस निकलकर खानकाह दरगाह (छिपटहरी) पर इकट्ठा हुए। शहर काजी मेराज मसूदी (अकील मियां), जश्ने ईद मीलाद कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद शोएब, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आरिफ खां, समाजवादी पार्टी नेता सैय्यद इमरान अली राजू और सईद अहमद ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। सैकड़ों हरे परचम और आकर्षक झांकियां जुलूस की शान बनीं। विभिन्न मोहल्लों की झांकियों को मौके पर पुरस्कृत भी किया गया।

जुलूस में शामिल बच्चे और युवक अपनी परंपरागत पोशाक में सज-धजकर पहुंचे। रास्तेभर नाते, कव्वालियां और इस्लामी नारे गूंजते रहे। बाजे-गाजे के बीच गंगा-जमुनी तहज़ीब की खुशबू फैली रही। देर रात अलीगंज पुलिस चौकी चौराहे पर स्थानीय कमेटी की अगुवाई में सलाम पेश किया गया। इसी के साथ जुलूस का समापन हुआ। पूरे आयोजन में शांति, सौहार्द और भाईचारे का अनूठा संदेश दिया गया। जश्ने ईद मीलादुन्नबी पर बांदा ने फिर एक बार अपनी पहचान कौमी एकता और भाईचारे की धरती के रूप में साबित की। जहां रोशनी की जगमगाहट थी, वहीं जुलूस और झांकियों की रौनक भी थी। धर्म और मज़हब की सीमाओं से परे यह आयोजन सामाजिक मेल-जोल और इंसानियत की मिसाल बन गया।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
