- विनोद मिश्रा
बांदा। केन और यमुना नदी के उफनाने के बाद दर्जनों गांवों पर बाढ़ का संकट मंडराने लगा है। कई गांव पानी में चारों तरफ से घिर गए हैं। संपर्क मार्गों पर पानी बहने से केवल नाव ही आवागमन का साधन है। इधर, बांदा-कानपुर हाईवे पर आवागमन भी ठप हो गया। कई मजरों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। लोग सुरक्षित स्थान की शरण लेने लगे हैं। पानी से घिरे मजरों को रात तक खाली करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इधर, जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह खप्टिहकला पहुंचे और पैलानी तहसील क्षेत्र के गांवों में आई बाढ़ का जायजा लिया। मातहतों को हर संभव मदद के निर्देश दिए।

पानी के घिरे गांवों व मजरों का पुलिस टीम ने नाव से निरीक्षण किया। लोगों से अपील की कि नदी किनारे नहीं जाएं। बच्चों व महिलाओं को भी दूर रखें। अपना सामान सुरक्षित तरीके से बांध लें, खतरा होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण दिलाए जाएगी। एसडीएम पैलानी रामकुमार ने भी प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया।

चिल्ला के समीप यमुना नदी की बाढ़ से चिल्ला, तारा, दोहतरा, खजूरी, पदारथपुर सहित दो दर्जन गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। तीन सेक्टर में बांट 17 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। खप्टिहाकला क्षेत्र में बाढ़ का कहर सबसे ज्यादा है। थानाध्यक्ष पैलानी उमेश कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश द्विवेदी ने पुलिस बल के साथ नाव से केन नदी के उस पार बसे मजरे छन्नीहां डेरा, सेमरा डेरा, शिवपाल डेरा, पंडित डेरा का निरीक्षण किया। लोगों से बातचीत कर सचेत रहने के निर्देश दिए।

पैलानी तहसील के अमचौली, गौरी, चंदवारा, सिधन कला के अलावा इसके मजरे पंडितवन डेरा, बिलौंडा डेरा, पड़ोहरा, नांदादेव, खप्टिहा कला के मजरे छनिहनडेरा, सेमराडेरा आदि गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

नदीगांव के चंद्रपाल वर्मा व संदीप प्रदीप का मकान पानी में डूब गया। चंदवारा गांव के रमेश दीक्षित, गुलाब व अयोध्या के मकान पानी में डूब गए हैं। नरी गांव का सामुदायिक शौचालय, पैलानी कस्बे में स्थित हनुमान मंदिर भी केन नदी की बाढ़ के पानी में डूब गया।

थानाध्यक्ष पैलानी उमेश कुमार सिंह ने कई जगहों पर खतरा देख लोगों से सामान समेट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की। सेमरा डेरा के मनोज का मकान पानी में डूबा देख सामान हटवाया गया। सदर सीओ सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी चिल्ला, जसपुरा, तिदवारी को निर्देश दिए गए हैं कि रात में भी गश्त करते रहें। जहां खतरा देखें ग्रामीणों की मदद करें।
एसडीएम पैलानी रामकुमार ने बताया कि जिन गांवों के समीप पानी पहुंच गया है, वहां के लेखपालों को सतर्क कर दिया गया है। ग्रामीणों को भी सामान समेट आश्रय स्थलों में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )


![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
