- ब्यूरो रिपोर्ट
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शाहजहांपुर में मंगलवार को शिवमंगल सिंह इंटर कॉलेज में विपक्षी गठबंधन में शामिल सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करने न आने वाले सपा मुखिया अखिलेश यादव माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर फातिहा पढ़ने चले गए। उन्होंने कहा कि सपा अपराध और भ्रष्टाचार पैदा करने की फैक्टरी है, जबकि हमने फैक्टरियां लगाकर युवाओं को रोजगार दिए।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आए उपमुख्यमंत्री ने मंच पर आने के बाद हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। उन्होंने डबल इंजन की सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए सपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की नीति बांटकर राज करने की है। सपा समाप्तवादी पार्टी बनकर रह गई तो कुछ लोगों को टिकट देकर हमारे परिवार को बांटने की कोशिश की है। सदन के अंदर नोकझोंक का जिक्र करते हुए केशव ने कहा कि अखिलेश यादव के अंदर जहर भरा है। वह अपना आपा खो बैठे। मेरे पिता के बारे में अपशब्द कहे, लेकिन हमने अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने जनता से सवाल किया कि मेरे अपमान और गाली को बदला भाजपा को वोट देकर लेना है।

– डिप्टी सीएम बोले: आईसीयू में है बसपा, कांग्रेस और सपा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने आगे कहा कि सपा अपराधियों, गुंडा, दंगाइयों और भ्रष्टाचार को पैदा करने की फैक्टरी है। वह ऐसी फैक्टरी चलाते हैं, जहां कट्टा और बम बनाने का काम होता है, जबकि भाजपा बड़ी फैक्टरी लगाकर रोजगार देती है। बसपा, कांग्रेस और सपा आईसीयू में पड़े हैं। इन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। सपा सांपनाथ, बसपा नागनाथ और कांग्रेस कालियानाथ है। ये तीनों प्रधानमंत्री को कुर्सी से हटाने का सपना देख रहे हैं। सपने में देख रहे कि तोड़फोड़ कर सरकार बना लेंगे तो राममंदिर की जमीन पर बाबरी मस्जिद बना देंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सपा ने निमंत्रण ठुकरा दिया। किसी ने राम को काल्पनिक बताया तो किसी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। जो प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा सकते हैं, वे मुस्लिम तुष्टीकरण कर अपनी पार्टी का नाम मुस्लिम लीग रख लें।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
