- विनोद मिश्रा
बांदा। बहन की शादी के लिए शहर से जेवर खरीदकर लौट रहा युवक हैंडपंप में पानी पीने के लिए रुका तो तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। बाइक समेत ट्रक में फंसकर करीब दस मीटर तक घिसटने से उसकी मौत हो गई। चपेट में आई नानी भी घायल हो गईं। आक्रोशित लोगों ने मुआवजा व ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने व आश्वासन देने पर करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका है। पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को पकड़ा है।

– नानी को पानी पिलाने के लिए रोकी मोटर साइकिल
पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम गोशाला निवासी 20 वर्षीय अशोक पुत्र राजू निषाद मंगलवार दोपहर अपनी चाची सीमा व 65 वर्षीय नानी रामदुलारी के साथ शहर बहन की शादी के लिए जेवर व अन्य सामान की खरीददारी करने आया था। बाद में यहां से वापस घर जाते समय रास्ते में उसने पैलानी के कालेश्वर तिराहे के पास लगे हैंडपंप के पास नानी को पानी पिलाने के लिए बाइक रोकी थी। इसी बीच पैलानी की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक को देखकर उसने रोड किनारे बैठी नानी को पकड़कर तो हैंडपंप की ओर धक्का दे दिया। लेकिन खुद अशोक ट्रक से कुचल गया। ट्रक में फंसकर घिसटने से उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि नानी मामूली रूप से घायल हुईं। दुर्घटना के बाद आरोपित चालक ने ट्रक समेत भागने का प्रयास किया। जिसमें यूपी 112 कर्मियों ने पीछा कर उसे आगे जाकर पकड़ लिया।

आनन-फानन कुछ पुलिस कर्मी दम तोड़ने वाले युवक व उसकी नानी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उधर घटना से नाराज ग्रामीणों व स्वजन ने रोड में दो पहिया वाहन खड़े कर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों का आरोप था कि पुलिस ने स्वजन के पहुंचने के पहले शव को मौके से हटवा दिया है। जाम लगाए ग्रामीणों की मांग थी कि घटनास्थल के पास चौथी घटना है। इससे स्पीड ब्रेकर बनवाने के साथ पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाए। आरोपित चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

तिंदवारी थाना निरीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, चौकी इंचार्ज पपरेंदा धर्मेंद्र सिंह आदि ने समझाने का प्रयास किया तो आक्रोशित ग्रामीण राज्य मंत्री रामकेश निषाद को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। बाद में सीओ सदर आनंद पांडेय व तहसीलदार तिमराज सिंह की ओर से आक्रोशित लोगों को स्पीड ब्रेकर बनवाने व उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन देने पर करीब चार बजकर ग्यारह मिनट पर जाम खुल गया। सीओ ने बताया कि स्वजन के तहरीर देने पर आरोपित चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
