
- विनोद मिश्रा
बांदा। बदौसा थाना परिसर “10 जून को खाकी के माथे पर कलंक का दिन” बन गया। सुरक्षा मांगने आई शिवानी को पुलिस सुरक्षा तो नहीं दे पाई, उल्टे थाना परिसर में ही पिता के चाकू से उसकी सांसें छिन गईं। इस शर्मनाक लापरवाही पर एसपी पलाश बंसल ने सख्त रुख अपनाते हुए थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह, दिवस अधिकारी एसआई सुरेंद्र मिश्रा और महिला आरक्षी राखी को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। थाने का नया प्रभारी बहुत ही सूझ बूझ एवं प्रखर संवेदनशीलता के धनी राधा कृष्ण तिवारी को बनाया है।
सीओ सदर की जांच रिपोर्ट ने पुलिस की पोल खोल दी। रिपोर्ट में साफ लिखा है कि तीनों पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती। अनुसूचित जाति के युवक से शादी करने वाली शिवानी जब जान बचाने थाने पहुंची, तो वहां सुरक्षा के नाम पर सिर्फ लापरवाही मिली। पिता सत्य कुमार सिंह बेखौफ होकर चाकू लेकर थाने में घुसा और बेटी को मौत के घाट उतार दिया। सवाल उठता है कि जब थाना परिसर ही महफूज नहीं, तो आम आदमी कहां जाए?
एसपी पलाश बंसल ने साफ कर दिया कि “वर्दी की आड़ में लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं” जाएगा। सीओ रिपोर्ट मिलते ही उन्होंने “तीनों जिम्मेदारों को लाइन हाजिर” कर दिया। यह सिर्फ शुरुआत है। अब विभागीय जांच होगी। आरोप साबित हुए तो चेतावनी से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई तय है। एसपी के इस एक्शन से महकमे में हड़कंप है। संदेश साफ है “जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की खाकी उतर” सकती है।
बदौसा कांड के बाद एसपी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल भी किया। सीपी तिवारी को देहात कोतवाली से बिसंडा, संजीव चौबे को अतर्रा से देहात कोतवाली भेजा गया। बबेरू के एसआई राधाकृष्ण तिवारी अब बदौसा की कमान सौंपी है। 10 और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए। एक हत्या ने पूरे जिले की पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर दिए।
वहीँ माना जा रहा है की इस मामले में “लाइन हाजिर करना सिर्फ पहली सीढ़ी” है। विभागीय जांच में तय होगा कि शिवानी की मौत के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को कितनी बड़ी सजा मिलती है। निलंबन, वेतनवृद्धि रोकना या सेवा समाप्ति, सब कुछ जांच पर निर्भर है। बदौसा कांड ने बता दिया कि पुलिस की एक चूक किसी की जिंदगी छीन सकती है। एसपी पलाश बंसल की त्वरित कार्रवाई ने भले ही महकमे को झकझोरा हो, लेकिन शिवानी अब लौटकर नहीं आएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
