
- विनोद मिश्रा
बांदा। शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच दिनों से लापता 11 वर्षीय बालक सत्यवीर का शव गांव के बाहर सरसों के खेत में पड़ा मिला। मासूम की इस दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। मुरवल गांव निवासी राकेश वर्मा का पुत्र सत्यवीर 2 फरवरी को अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की,लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो बबेरू कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजनों को उम्मीद थी कि बच्चा सकुशल लौट आएगा, लेकिन पांचवें दिन उसका शव मिलने से सारी उम्मीदें टूट गईं।

शनिवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने सरसों के खेत में शव देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान सत्यवीर के रूप में कराई। पहचान होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शव की हालत काफी खराब थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सत्यवीर कथित तौर पर नशे की लत में पड़ गया था। कुछ दिन पहले उस पर गांव के ही एक घर से करीब तीन हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगा था, जिसको लेकर उसकी मां ने उसे डांटा और मारा भी था।

बताया जा रहा है कि इसी के बाद वह घर से निकल गया था। मां से कही गई उसकी बात “अब शायद मेरा चेहरा दोबारा न देख पाओ” अब गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक के पिता राकेश वर्मा ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही कुछ साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सत्यवीर के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की गई और बाद में शव को खेत में फेंक दिया गया। बबेरू कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि शव अत्यधिक सड़ चुका है, जिससे फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
