- विनोद मिश्रा
बांदा। चित्रकूटधाम मण्डल में अन्नाप्रथा का खात्मा करने के लिए मंडल के सभी जिलाधिकारी कार्ययोजना बनाते हुए कार्य करें। ग्राम पंचायत स्तर पर उप जिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारियों द्वारा किसानों की बैठक कर उन्हें जागरूक किया जाए कि वह अपने पालतू मवेशियों को अन्ना न छोड़ें।
मंडलायुक्त दिनेश कुुमार सिंह ने यह निर्देश पशुपालन विभाग की आयुक्त कार्यालय में सम्पन्न बैठक में दिये। उन्होंने कहा कि मण्डल की सभी गौशालाओं में छाया तथा पानी की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। इसके साथ ही सभी गौशालाओं में भूसे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्री सिंह ने कहा कि बडे़ किसानों से गौशालाओं के लिए दान में भूसा प्राप्त किया जाए। आयुक्त ने कहा कि जो किसान 25 कुंतल या उससे अधिक भूसा दान करेंगे, वह उनके खेत व घर पर जाएंगे। आयुक्त ने निर्देश दिये कि सभी बेसहारा पशुओं को एक सप्ताह में संरक्षित कराया जाए। इसके साथ ही जो लोग पालतू पशुओं को छोड़ दे रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए। श्री सिंह ने निर्देश दिये कि जनसामान्य की सहभागिता से अधिक से अधिक पशुओं को संरक्षित कराया जाए। उन्होंने निर्देश दियेे कि गौशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था के लिए ग्राम पंचायतों की खाली पडी भूमि पर चारे की बुवाई कराई जाए। आयुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि मण्डल के सभी जनपदों में एक सप्ताह केे अन्दर सभी ग्राम पंचायतों में बैठकें करायी जाए, जिसमें ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, लेखपाल तथा अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता करायी जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रत्येक जनपद में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जाए। श्री सिंह ने निर्देश दिये कि पशु चिकित्सकों का ग्राम पंचायतवार भ्रमण का रोस्टर बना दिया जाए जिससे उनके गांव में जाने पर अधिक से अधिक पशुओं का उपचार हो सके।

आयुक्त ने निर्देश दिये कि कृतिम गर्भाधान को बढाने के लिए शुल्क की धनराशि 100 रूपये से 50 रूपये करने का प्र्रस्ताव मुख्य सचिव को भिजवाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि विगत वर्ष से बधियाकरण का पैसा पशुपालन विभाग को प्राप्त नही हो रहा है। बधियाकरण का पैसा जारी कराने के लिए भी शासन को पत्र लिखवाया जाए। आयुक्त ने जनपद वार संरक्षित पशुुओं की विस्तार से समीक्षा की तथा जनपद महोबा में लक्ष्य के सापेक्ष कम पशु संरक्षित होने पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महोबा का स्पष्टीकरण मांगने के निर्देेश दिये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि पशु पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी कराये जायें। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र पाण्डेय, संयुक्त निदेशक सूचना भूपेन्द्र सिंह यादव, उप निदेशक पशु पालन तथा सभी जनपदों के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
