- विनोद मिश्रा
बांदा। चाट खाने के बाद रुपयों के लेन-देन के विवाद में विक्रेता ने अपनी पत्नी व साली के साथ मिलकर किसान को मुंगरी से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसके बाद घायल किसान को उसके स्वजन निजी अस्पताल में ले गए। जहां से चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय ही रास्ते में किसान ने दम तोड़ दिया। हत्यारोपित चाट विक्रेता व उसकी पत्नी समेत तीनों लोग घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

पैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम नरी निवासी गुलाब सिंह का पुत्र 40 वर्षीय किसान गुलजार सिंह गुरुवार रात गांव के महेंद्र के ठेले पर चाट खाने गया था। वहां चाट खाने के बाद किसान व चाट विक्रेता महेंद्र के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।

किसान का कहना था उसने पांच रुपये दिए हैं। जबकि चाट विक्रेता दस रुपये देना बता रहा था। दोनों पक्ष में गाली-गलौज हुई। इसके बाद चाट विक्रेता, उसकी पत्नी रुचि व साली अंजलि निवासी पहाड़ी चित्रकूट किसान को घसीटकर अपने घर के अंदर ले गए। जहां उन्होंने गुलजार सिंह के सिर व सीने आदि पर मुंगरी व घूंसों से हमला कर मरणासन्न कर दिया। घटना करने के बाद आरोपित तीनों हमलावर फरार हो गए। किसान को उसके स्वजन ने शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे शुक्रवार दोपहर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। स्वजन के कानपुर ले जाते समय रास्ते में घायल किसान की मौत हो गई। इससे स्वजन शव वापस अपने नरी गांव ले गए हैं।

उन्होंने थाने में तहरीर दी है। सीओ सदर सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। शीघ्र हमालवर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
