
- विनोद मिश्रा
बांदा। विकास की रफ्तार को रुकावटों से निकालने और जन समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित “दिशा” (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक खास रही। इस बैठक में नगर पालिका परिषद बांदा के अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित गुप्ता ने पूरी दमदारी और स्पष्टता के साथ नगर की जमीनी समस्याएं उठाकर सबका ध्यान खींचा। वे बैठक के प्रभावशाली प्रतिनिधि के रूप में उभरे।

बैठक की अध्यक्षता बांदा सांसद कृष्णा पटेल ने की और पिछली बैठकों के प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। अंकित गुप्ता ने तिंदवारी रोड से कृषि विश्वविद्यालय तक निष्क्रिय पड़ी नहरिया को सक्रिय करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि नालियों के अभाव में वार्ड संख्या 1, 14, 16, 19 और 31 की जनता जलजमाव और गंदगी की चपेट में है। यदि नहरिया को चालू कर दिया जाए, तो जल निकासी की बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है।

उन्होंने शहर में नहरों व नालों पर हो चुके अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने की पुरजोर मांग की। उनका कहना था कि जब तक अतिक्रमण नहीं हटेगा, तब तक न तो पानी निकलेगा, न ही विकास की गति आगे बढ़ेगी। महाराणा प्रताप चौक से चिल्ला रोड तक फॉरेस्ट विभाग की जमीन पर नाला निर्माण रुका हुआ है। इस पर भी अंकित गुप्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह अड़ंगा जल्द दूर किया जाए ताकि इस मार्ग के लोगों को राहत मिल सके।

पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि शहर में बीच सड़कों पर खड़े निष्क्रिय टेलीफोन खंभे विकास कार्यों में रुकावट बन रहे हैं। सभी को तत्काल हटवाया जाए। अंकित गुप्ता ने नगर के तमाम वार्डों में बीच सड़क लगे एलटी लाइन के खंभों को हटाने की भी मांग रखी, ताकि सड़क निर्माण और चौड़ीकरण कार्य बाधित न हों। सांसद कृष्णा पटेल ने नगर की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से लें और जनता को राहत देने में कोई कोताही न हो।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
