- ब्यूरो रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा डबल इंजन की सरकार की पहली प्राथमिकता है। अगर बेटियों की सुरक्षा में किसी ने सेंध लगाने की कोशिश की तो उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होगी। सीएम योगी ने कहा कि बेटी के प्रति अपने जवाबदेही का निर्वहन करते हुए किस रूप में सरकार कार्य कर रही है मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना इसका बड़ा उदाहरण है। इस योजना के तहत अगले सत्र से हमारी सरकार 25 हजार रुपये देने जा रही है। यह पैसा छह चरणों में बेटियों के अभिभावकों को दिया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हमारी सरकार 51 हजार रुपये दे रही है।

सीएम योगी ने शुक्रवार को बांसडीह में विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दीपावली में गैस का एक सिलेंडर फ्री देगी। इससे प्रदेश की माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति मिलेगी और उनकी आंखों की रोशनी बनी रहेगी। सीएम योगी ने कहा कि 2026 में परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभा चुनावों में देश की महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की संख्या बढ़कर एक तिहाई हो जाएगी। इसके लिए हम सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं।

सीएम योगी ने कहा कि नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हमारी सरकार का लक्ष्य है। प्रदेश के पुलिस बल में 20 फीसदी महिला कार्मिकों की भर्ती को सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया है। आने वाले समय में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में भी हम ज्यादातर महिला शिक्षकों को भर्ती करने की कार्रवाई को आगे बढ़ाने जा रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में आई महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि आधी आबादी की सुरक्षा और सम्मान पर किसी भी प्रकार की आंच आए बगैर उन्हें आर्थिक स्वावलंबन की ओर अग्रसर करने के लिए डबल इंजन सरकार लगातार कार्य करती रहेगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://newsreach-publishers.s3.ap-south-1.amazonaws.com/citynewsuttarpradesh.in/2018/06/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
