- विनोद मिश्रा
बांदा। घर से सामान लेने निकले किशोर की पड़ोस में डेरा डाले पछईंहा लोहार दोस्त ने महज पांच सौ रुपये छीनने के बाद गला घोटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपित उसका शव पानी भरी पुलिया के नीचे फेंककर फरार हो गया। अधिकारियों के निर्देश पर एसओजी व थाना पुलिस ने महज पांच घंटे के अंदर हत्यारोपित को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। हत्यारोपित के पास से किशोर के लूटे गए पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं। हत्यारोपित के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

मटौंध थानाक्षेत्र के वैबे थोक निवासी मूलचंद्र कुशवाहा का 13 वर्षीय पुत्र संदीप मंगलवार शाम घर से सामान लेने दुकान गया था। वहां से देरशाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो स्वजन ने आसपास कहीं होने की बात समझी। लेकिन जब वह रात होने पर भी वह वापस नहीं लौटा तो स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। मामले की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई । जिससे पुलिस भी उसकी खोजबीन में लग गई। बुधवार सुबह उसका शव कस्बे के लोगों को घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर इचौली रोड जीआइसी के पास पुलिया के नीचे पानी में पड़ा मिला। शव होने की जानकारी होने पर कस्बेवासियों व राहगीरों की भीड़ लग गई। कस्बेवासियों की सूचना पर थाना निरीक्षक अरविंद सिंह गौर उसे हमराहियों की मदद से जिला अस्पताल ले गए।

जहां चिकित्सकों ने शव को मोरचरी में रखवा दिया। इस बीच किशोर के पिता व अन्य स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि उसके गले में चोट के निशान हैं। इससे साफ जाहिर है कि गला दबाकर उसे मारा गया है। एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह ने घटना जिला अस्पताल जाकर स्वजन से घटना की जानकारी की।

एएसपी व सीओ सिटी के निर्देश पर एसओजी प्रभारी मंयक चंदेल व मटौंध थाना निरीक्षक अपने हमराहियों के साथ हत्यारोपित की सुरागरसी करने में जुट गए। एएसपी ने बताया कि एसपी अभिनंदन की ओर से आपरेशन क्लीन क्राइम अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते महज पांच घंटे के अंदर घर से पचास मीटर की दूरी पर 15 वर्षों से डेरा डाले पछाईंहा लोहर युवक धीरू उर्फ टोटू को गिरफ्तार किया गया है। संयुक्त टीम ने हत्यारोपित से कड़ाई से पूछतांछ किया तो उसने बताया कि पांच सौ रुपये छीनने के बाद उसकी हत्या की है। दिवंगत किशोर के पिता की तहरीर पर हत्यारोपित के विरुद्ध पुलिस ने घटना की लिखा-पढ़ी की है।
– घर का था चिराग, स्वजन बेहाल
पुलिया के नीचे जिस किशोर का शव मिला है। स्वजन ने बताया कि वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। जीआइसी में कक्षा छह में पढ़ता रहा है। घर का चिराग बुझने से पिता व अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
