- विनोद मिश्रा
बांदा। शहर कोतवाली में पुलिस की बदसलूकी से क्षुब्ध महिला द्वारा घर आते ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने को सपा ने मुद्दा बनाकर लोकसभा और विधान सभा में उठाने का एलान किया है। महिला अपने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली गई थी। मृतका की बेटी फैशन मॉडल है। कई खिताब जीत चुकी है। सपा ने दोषी पुलिस कर्मियों और गुंडों पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।

शहर के मवई बाईपास के नजदीक रहने वाली सुधा रैकवार ने 10 जुलाई को कोतवाली से लौटने के बाद घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सोमवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी की प्रदेश स्तरीय समिति ने मृतका सुधा की बेटियों और मां आदि से घर में मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

बेटी रोशनी ने उन्हें बताया कि कोतवाली में मां के साथ अभद्रता हुई और मामा को लॉकअप में बंद कर मोबाइल फोन छीन लिया गया। एक लाख रुपये की मांग की गई। कई घंटे बाद कोतवाली से लौटी मां सुधा ने फांसी लगा ली। रोशनी ने यह भी बताया कि उसकी मां के पीछे गुंडे भी आए थे।

सपा समिति का नेतृत्व कर रहे एमएलसी/सपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने मृतका सुधा की बेटियों और मां कुमरिया को भरोसा दिलाया कि पूरी पार्टी उनके साथ है। हर संभव मदद करेगी और न्याय दिलाएगी। कहा कि रिपोर्ट पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को सौंपेंगे। सपा नेताओं ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। समिति में फतेहपुर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष दलजीत निषाद, इलाहाबाद महानगर पूर्व अध्यक्ष पप्पू निषाद, बांदा के पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव, बांदा सपा जिलाध्यक्ष विजयकरन यादव आदि शामिल रहे।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
