– टीकाकरण कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए, किया जाए जागरूक
- विनोद मिश्रा
बांदा। कोरोना महामारी से बचाव के लिए टीकाकरण बहुत ही जरूरी है। टीका पूरी तरह से सुरक्षित और संक्रमण को रोकने में बहुत ही कारगर है। किसी भी प्रकार की अफवाह में पड़ने की जरूरत नहीं है। सभी लोग टीकाकरण कराएं और महामारी को मात दें।

यह बात जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने पैलानी तहसील के सिंधनकलां मिनी सचिवालय में लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा कोरोना लक्षण युक्त व्यक्तियों के किए गए सर्वेक्षण की भी जानकारी दी। साथ ही कहा कि कोरोना टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। टीकाकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सिंधनकलां मिनी सचिवालय में जिलाधिकारी श्री सिंह ने ग्रामवासियों से कहा कि कोविड टीकाकरण का कार्य जनपद के स्वास्थ्य केन्द्रों में चल रहा है। सभी लोग जो 18 प्लस या 45 वर्ष से अधिक वर्ष के हों, वो कोविड पोर्टल एवं आरोग्य सेतु एप पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराते हुये दी गई तिथि में टीकाकरण सेंटर में जाकर वैक्सीन अवश्य लगवाएं। इसके साथ ही दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि वैक्सीन सुरक्षित एवं कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए बहुत कारगर है। किसी भी तरह की अफवाह में न पड़ें। क्षेत्रीय लेखपाल एवं सचिव को निर्देशित किया गया कि ज्यादा से ज्यादा लोगों का पंजीकरण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना के लक्षणयुक्त व्यक्तियों का चिन्हीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिस किसी को भी बुखार, खांसी, जुखाम आदि हो तो संबंधित आशा से संपर्क कर मेडिकल किट लेकर स्वयं होम आइसोलेशन में रहें। ताकि संक्रमण आपके परिवार के किसी सदस्य या ग्राम के किसी व्यक्ति को न हो पाए। संक्रमण से बचाव के लिए कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन यथा मास्क लगाना, दो गज की दूरी एवं हाथों को बार-बार धोना आदि का पालन किया जाए।

डीएम ने ग्राम प्रधान एवं उपस्थित फील्ड वर्कर को निर्देशित किया कि प्रतिदिन निगरानी समिति की बैठक की जाए। कोरोना लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान करते हुए उन्हें तत्काल मेडिसिन किट उपलब्ध कराई जाए। प्रतिदिन ग्राम में स्वच्छता अभियान चलाया जाए और सेनेटाइजेशन एवं फागिंग कराई जाए। इस दौरान गांव के लोगों ने जिलाधिकारी से आवास की मांग की।

जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी, जसपुरा को निर्देशित किया गया कि जांच कर शीघ्र कार्यवाही की जाये। कुछ ग्रामवासियों ने दंबगों द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की गई। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा उप जिलाधिकारी पैलानी को निर्देशित किया गया कि टीम बनाकर अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटवाए जाएं।

जिलाधिकारी ने ग्राम का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। खण्ड विकास अधिकारी, जसपुरा को निर्देशित किया गया कि अभियान चलाकर ग्राम की साफ-सफाई कराकर सेनेटाइजेशन एवं फागिंग कराई जाए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी पैलानी श्री रामकुमार, खण्ड विकास अधिकारी जसपुरा श्री राघवेन्द्र तिवारी, तहसीलदार पैलानी, क्षेत्रीय लेखपाल सहित ग्राम के फील्ड वर्कर उपस्थित रहे।

इसके बाद अपर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सिन्धनकलां का जिलाधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पैलानी रामकुमार, खण्ड विकास अधिकारी जसपुरा राघवेन्द्र तिवारी, तहसीलदार पैलानी, एमओआईसी जसपुरा डा. संदीप सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल सहित ग्राम के फील्ड वर्कर उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वैक्सीनेशन की जानकारी की गई। कर्मचारी ने डीएम को बताया कि कुल 5 लोगों द्वारा वैक्सीन लगवाई गई है। मौके पर वैक्सीन लगवा रहे अरविन्द कुमार से वार्ता की गई और कहा कि वह वैक्सीन लगवाने के बाद अपने आस-पास से लोगों को जागरूक करें।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )



![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
