
- विनोद मिश्रा
बांदा। सदियों से अपनी “वीरता, इतिहास और सांस्कृतिक वैभव” के लिए “पहचाना” जाने वाला कालिंजर किला अब “एक नई और वैश्विक पहचान हासिल” करने जा रहा है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने कालिंजर किले की पहाड़ी को “राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल” के रूप में चिन्हित किया है। यह सम्मान न केवल बुंदेलखंड बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।

इस महत्वपूर्ण घोषणा का औपचारिक उद्घाटन 16 मार्च को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अपर महानिदेशक राजिंदर कुमार द्वारा किया जाएगा। कालिंजर की पहाड़ी भूवैज्ञानिक दृष्टि से बेहद दुर्लभ मानी जाती है। यहां मौजूद चट्टानों की संरचना पृथ्वी के अरबों वर्ष पुराने भूवैज्ञानिक इतिहास की कहानी बयां करती है।

यह स्थल विशेष रूप से “एपार्कियन अनकॉन्फ़ॉर्मिटी” नामक भूवैज्ञानिक घटना के लिए जाना जाता है। यह वह स्थिति होती है जहां अलग-अलग युगों की चट्टानों के बीच का संपर्क स्पष्ट रूप से दिखाई देता है और उनके बीच करोड़ों वर्षों का अंतराल दर्ज होता है।

कालिंजर में नीचे आर्कियन-प्रोटेरोज़ोइक काल की गुलाबी और लाल रंग की बुंदेलखंड ग्रेनाइट चट्टानें मौजूद हैं, जिनके ऊपर लगभग 1.2 अरब वर्ष पुरानी कैमूर बलुआ पत्थर की परत जमी हुई है। इन दोनों परतों के बीच का संपर्क पृथ्वी के भूगर्भीय विकास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को उजागर करता है।

कालिंजर किला केवल एक ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं बल्कि प्रकृति और भू-संरचना का भी अद्भुत उदाहरण है। किले की मेज़नुमा पहाड़ी प्राचीन समय में एक मजबूत रक्षात्मक स्थिति प्रदान करती थी, जिसके कारण यह किला लंबे समय तक अभेद्य माना जाता रहा। किले के निर्माण में भी स्थानीय ग्रेनाइट और बलुआ पत्थर का उपयोग किया गया था, जिससे इसकी संरचना प्राकृतिक भू-आकृतिक विशेषताओं के अनुरूप बनी। विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा मिलने के बाद कालिंजर भू-पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
