- विनोद मिश्रा
बांदा। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने जनपद में सवा तीन लाख राशन कार्ड धारकों में जो गरीब बन कर राशन ले रहे हैं, उन्हें चेतावनी जारी की है। कहा है कि सुविधा संपन्न होने के बावजूद राशन ले रहे कार्ड धारकों को चिन्हित किया जा रहा है। सात दिन के अंदर राशन कार्ड समर्पित नहीं किया तो उनसे बाजार रेट के अनुसार वसूली की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जनपद में करीब सवा तीन लाख राशन कार्ड धारक हैं। इसके अलावा 48354 अंत्योदय कार्ड धारक हैं। पिछले दिनों प्रशासन ने जनपद के कार्ड धारकों का सत्यापन कराया था। इसमें पांच हजार से ज्यादा ऐसे राशन कार्ड धारक पाए गए हैं, जो कार, बंगला, लाइसेंस और एसी के मालिक हैं। जब भी गेहूं व चावल, चीनी, चना आदि का वितरण होता है इनके स्वजन झोला लेकर कोटेदारों के यहां पहुंच जाते हैं। अब ऐसे राशन कार्ड धारकों की खैर नहीं है।

जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने ऐसे कार्ड धारकों को सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि अंत्योदय राशन कार्ड गरीबों के लिए हैं। यदि जिनके पास मोटरसाइकिल, पक्का मकान, कृषि योग्य भूमि, रंगीन टीवी या कोई निश्चित व्यवसाय है तो वह अपात्र हैं। ऐसे कार्ड धारक अपना राशन कार्ड सात दिन के अंदर अपूर्ति विभाग में सरेंडर कर दें। अन्यथा राशन कार्ड के सत्यापन के दौरान अपात्र पाए गए तो बख्शा नहीं जाएगा। उनसे गेहूं में 24 रुपये और चावल में 32 रुपये प्रति किलो की दर से तथा चीनी, खाद्य तेल, नमक की वसूली बाजार दर से करते हुए उनके खिलाफ राष्ट्रीय खाद सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

– राशन कार्ड धारकों में अफरा-तफरी
उधर, जिलाधिकारी के इस चेतावनी के बाद गरीब बने राशन कार्ड धारकों में अफरा-तफरी है। जिला पूर्ति अधिकारी उवैदुर्रहमान ने बताया कि चेतावनी का असर हो रहा है। अभी तक 300 से ज्यादा कार्ड धारकों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर कर दिए हैं। अभी इन्हें सप्ताह भर का समय दिया गया है। इसके बाद अभियान चलाकर सत्यापन कराया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
