- विनोद मिश्रा
बांदा। पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी के पेशी में लखनऊ जाने की खबर लीक करने के मामले की डीआइजी जेल संजीव त्रिपाठी ने चार घंटे तक जांच की। जिसमें जेल के अधिकारियों व कर्मचारियों समेत करीब 20 लोगों के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए हैं। करीब 18 घंटे के अंतराल के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए हैं। कारागार के प्रमुख जगहों का निरीक्षण भी किया है।

मंडल कारागार में बंद डान मुख्तार अंसारी को सोमवार सुबह यहां से सुरक्षा व्यवस्था के बीच लखनऊ न्यायालय पेशी के लिए ले जाया गया था। उसके पेशी में जाने की पल-पल की खबर किसी अधिकारी या कर्मी की ओर से मऊ में स्वजन तक पहुंचाने के आरोप सामने आए थे। पेशी में ले जाने की खबर लीक करने के मामले को डीजी कारागार आनंद कुमार ने गंभीरता से लिया था।

उन्होंने जांच डीआइजी संजीव त्रिपाठी को सौंपी है। जिसमें डीआइजी गुरुवार दोपहर करीब दो बजे प्रयागराज से अपने सरकारी वाहन में मंडल कारागार आए। जहां उन्होंने सबसे पहले उस समय 24 घंटे के बीच ड्यूटी करने वालों की रजिस्टर से जानकारी की। जिसमें जेल के अंदर व बाहर ड्यूटी में लगे करीब 20 अधिकारी व कर्मचारियों के बारी-बारी से बयान लिए हैं। जिसमें जेलर से लेकर डिप्टी जेलर व वार्डन आदि सभी शामिल रहे। उनके मोबाइलों की भी जांच की गई। सीसीटीवी फुटेज में यह देखा गया कि किस अधिकारी व कर्मचारी की इस दौरान क्या प्रतिक्रिया है। कौन बार-बार अपना फोन निकाल रहा है। उसका किस तरफ ध्यान ज्यादा है। जांच के दौरान डीआइजी मुख्तार की बैरक में भी गए। वहां छानबीन कराई गई। अन्य बैरकों व हातों आदि को भी देखा। मोबाइल टावर व जैमर की स्थित की जानकारी की है। जेल के अंदर प्रवेश करने वालों का गेट रजिस्टर से मिलान कराया गया है।

– सर्विलांस व मोबाइल टावर से भी हो रही जांच
जेल के अंदर की मुखबिरी करने के मामले की टेक्निकल जांच भी हो रही है। जिसमें सर्विलांस व मोबाइल टावरों से यह भी देखा जा रहा है कि आसपास कितने फोन नंबर उस दौरान सक्रिय रहे हैं। जिसमें संदिग्ध नंबरों को चिह्नित कर आगे की छानबीन की जाएगी।
– सफाई कर्मी व लंबरदार भी रहे जांच के घेरे में
डीआइजी जेल की जांच में कारागार के सफाई कर्मी व लंबरदार सजायाफ्ता बंदी भी शक के घेरे में रहे हैं। उनसे अलग से इस संबंध में पूछताछ की गई है। जेल के बाहर उस समय क्या स्थिति रही है इसकी भी जेल के अधिकारियों से उन्होंने जानकारी की है।
डीआइजी कारागार संजीव त्रिपाठी ने बताया कि पेशी में जाने की खबर लीक करने की जांच करने वह आए थे। अंदर से किसने फोन पर बात की इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच की प्रक्रिया अभी चल रही है। वह अपनी रिपोर्ट बनाकर डीजी कारागार को सौंपेंगे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
