उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण की वोटिंग में सिर्फ एक दिन बाकी है। कल पश्चिम यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग होगी। लेकिन इससे पहले लखनऊ की दौड़ ने एक और दिलचस्प मोड़ ले लिया है. अब लड़ाई लोकप्रिय नारों से मुफ्त वाले वादों पर आ गई है। कल बीजेपी और समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में मुफ्त वाले वादों की झड़ी लगा दी तो आज कांग्रेस ने वोटिंग से सिर्फ एक दिन पहले नहले पर दहला जड़ने की कोशिश की है। पार्टी की महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर ‘उन्नति विधान’ नामक यह घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस ने इस घोषणा पत्र में किसानों और बेरोजगारों के लिए कई ऐलान किए हैं। इससे पहले पार्टी युवाओं के लिए ‘भर्ती विधान घोषणा पत्र’ और महिलाओं के लिए ‘शक्ति विधान घोषणा पत्र’ जारी कर चुकी है। इससे पहले मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (एसपी) अपना घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं।

उन्नति विधान जन घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमने आम लोगों के सुझावों को इसमें शामिल किया है। अन्य पार्टियों की तरह दूसरे दलों की घोषणाओं को नहीं शामिल किया गया है। आज की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई की है। इसे लेकर कई घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने ऐलान कहा कि किसानों से 25 सौ रुपये में गेहूं व धान और चार सौ रुपये में गन्ना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी का बिजली बिल हाफ किया जाएगा। कोरोना काल में जिनका भी बिजली बिल बकाया है उसे साफ किया जाएगा। जिन्हें कोरोना महामारी की सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी उन परिवारों को 25 हजार रुपये सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इन नौकरियों महिलाओं को 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। यदि कोई बीमारी होती है तो सरकार की तरफ से 10 लाख रुपये तक इलाज मुफ्त कराया जाएगा।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने आवारा पशुओं की समस्याओं को लेकर घोषणा करते हुए कहा कि पीड़ितों को प्रति एकड़ तीन हजार रुपये मुआवजा दिया जाएगा। किसानों के लिए गोधन न्याय योजना शुरू की जाएगी। इसमें किसानों से दो रुपये किलो गोबर खरीदा जाएगा। ऐसा छत्तीसगढ़ राज्य में हो रहा है। छोटे व्यापारियों को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग बंद होगी। सभी संविदा कर्मियों का चरणबद्ध तरीके से नियमितिकरण किया जाएगा। शिक्षामित्रों को नियमित किया जाएगा।

इस अवसर पर कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा कि हम अब तक दो घोषणा पत्र जारी कर चुके हैं, जिसमें से पहला महिलाओं के लिए और दूसरा युवाओं के लिए था। अब हम तीसरा और अंतिम घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। इसके लिए हमने करीब एक लाख लोगों से बात की जिनकी आकांक्षाओं को इसमें शामिल किया गया है। हमने समाज के हर वर्ग से बात की और यह जन घोषणा पत्र तैयार किया है। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, आराधना मिश्रा मोना व कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
