लखनऊ। उत्तर प्रदेश की अठारहवीं विधानसभा के गठन के लिए 10 फरवरी को होने वाले पहले चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का शोरगुल मंगलवार शाम छह बजे थम गया। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के 11 जिलों की 58 सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होना है उनमें शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा हैं।

यूपी में पहले चरण की 58 सीटों पर चुनाव प्रचार मंगलवार शाम छह बजे थम गया। पश्चिमी यूपी के 11 जिलों की इन सीटों के लिए 623 उम्मीदवार मैदान में हैं, मतदान 10 फरवरी को और मतगणना 10 मार्च को होगी। पहले चरण के 11 जिलों की 58 विधान सभा सीटों के लिए 21 जनवरी तक नामांकन हुआ। इनमें नौ सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 10 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था के भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के साथ ही शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश हैं।
सबसे ज्यादा इन दो सीटों पर प्रत्याशी : पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि इस चरण के लिए 810 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। सबसे ज्यादा 15-15 उम्मीदवार मुजफ्फरनगर और मथुरा सीटों पर हैं। सबसे कम पांच प्रत्याशी अलीगढ़ की इगलास (सुरक्षित) सीट पर हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में पहले चरण की 58 सीटों में से 53 भाजपा, दो-दो सपा व बसपा और एक राष्ट्रीय लोक दल ने जीती थी।

– 800 कंपनी अर्ध सैनिक बल का कड़ा पहरा
पहले चरण का मतदान निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। 58 विधानसभा क्षेत्रों के 10833 पोलिंग बूथ पर अर्धसैनिक बल का कड़ा पहरा होगा। लगभग 800 कंपनी अर्धसैनिक बल को पोलिंग बूथ के अलावा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस, पीएसी व होमगार्ड जवान भी मुस्तैद रहेंगे। डीजीपी मुकुल गोयल ने हर छोटे-बड़े विवाद को पूरी गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई किये जाने के साथ ही इंटरनेट मीडिया की लगातार निगरानी का निर्देश दिया।

– पहले चरण में इन सीटों पर होगा मतदान
कैराना, थानाभवन, शामली, बुढ़ाना, चरथावल, पुरकाजी (सुरक्षित), मुजफ्फरनगर, खतौली, मीरापुर, सिवालखास, सरधना, हस्तिनापुर (सुरक्षित), किठौर, मेरठ कैंटोनमेंट, मेरठ, मेरठ दक्षिण, छपरौली, बड़ौत, बागपत, लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर, धौलाना, हापुड़ (सुरक्षित), गढ़मुक्तेश्वर, नोएडा, दादरी, जेवर, सिकंदराबाद, स्याना, अनूपशहर, डिबाई, शिकारपुर, खुर्जा (सुरक्षित), खैर (सुरक्षित), बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, अलीगढ़, इगलास (सुरक्षित), छाता, मांट, गोवर्धन, मथुरा, बलदेव (सुरक्षित), एत्मादपुर, आगरा कैंटोनमेंट (सुरक्षित), आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर, आगरा ग्रामीण (सुरक्षित), फतेहपुर सीकरी, खैरागढ़, फतेहाबाद, बाह सीटें हैं।
दो करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला
- कुल मतदाता : 2,27, 83739
- पुरुष : 1,23, 31251
- महिला : 1,04,51053
- थर्ड जेंडर : 1435
- पोलिंग स्टेशन : 10,766
- मतदान केंद्र : 25,849
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
