- विनोद मिश्रा
बांदा। सर्किट हाउस में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रत्याशियों के साथ बैठक करते हुए प्रेक्षक हर्षदीप श्रीराम कंबले ने कहा कि किसी भी दशा में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे उल्लंघन हो। निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन किया जाए। इसके साथ ही प्रचार-प्रसार में खर्च होने वाली धनराशि को रजिस्टर में अंकित करने के निर्देश दिए गए।

सर्किट हाउस में बैठक को संबोधित करते हुए प्रेक्षक ने कहा कि सभी राजनैतिक दल आदर्श आचार संहिता का पूर्णतः पालन करें तथा भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी भी राजनैतिक दल एवं प्रत्याशी की कोई शिकायत हो तो सीधे प्रेक्षकगणों के मोबाइल नंबरों पर अथवा निर्वाचन से संबंधित शिकायतों के लिए निर्वाचन कंट्रोल रूम में भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है।

– सर्किट हाउस में प्रेक्षक ने राजनीतिक दलों सहित प्रत्याशियों को दी नसीहत
ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो। पुलिस प्रेक्षक उज्जवल भौमिक ने कहा कि पुलिस प्रशासन एलर्ट है और शांति पूर्ण निर्वाचन कराना हमारी आपकी जिम्मेदारी है। वर्तमान में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पाए जाने पर तीन एफआईआर दर्ज हुईं है। इसलिए उनका सहयोग करें ताकि निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके।

– प्रचार-प्रसार में खर्च होने वाली धनराशि को रजिस्टर में करें अंकित
व्यय प्रेक्षक राणेन्डू सरकार ने कहा कि प्रत्याशियों के द्वारा किए जाने वाले प्रत्येक व्यय को निर्वाचन रजिस्टर में अंकित जरूर करें। जो भी प्रत्याशी खर्च करें उसे अनिवार्य रूप से उसकी सही जानकारी रजिस्टर में अंकित करें। कोई भी तथ्य छिपाए नहीं। उन्होंने कहा कि गाड़ी, प्रचार-प्रसार, पोस्टर, बैनर, पंपलेट आदि पर होने वाले व्यय का लेखाजोखा की सूचना उपलब्ध कराएं। एकाउंट सबमिशन की सही जानकारी दें। कहा कि 11, 16 एवं 21 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में चारों विधान सभाओं के सभी प्रत्याशियों द्वारा अपने-अपने लेखा का मिलान की तिथियां निर्धारित की गईं है। निर्धारित तिथियों में सभी प्रत्याशी/उनके निर्वाचन व्यय अभिकर्ता मिलान के लिए अपने व्यय रजिस्टर तथा बाउचरों सहित मिलान के लिए उपस्थित होना सुनिश्चित करें। विधानसभा तिंदवारी-232 के प्रेक्षक संजीव कुमार ने भी बैठक में निर्देश दिए।

कहा कि विधान सभावार उड़न दस्ता टीमें गठित हैं जो तत्काल घटना स्थल पर जाकर जांचकर अपनी रिपोर्ट रिटर्निंग आफिसर, जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग के एप के माध्यम से देती हैं। रिटर्निंंग आफिसर शिकायत की पुष्टि होने पर तत्काल कार्यवाही करते हैं। शिकायत का 100 मिनट में अनिवार्य रूप निस्तारण किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने कहा कि सभी राजनैतिक दल आचार संहिता का पूर्णतः पालन करें। सभी रिटर्निंग आॅफिसर को निर्देशित किया कि अपने-अपने विधानसभा में सिंगल विंडो सिस्टम तत्काल क्रियाशील करें तथा प्रत्याशियों द्वारा जनसभा, रैली, गाड़ी, हैलीकाप्टर आदि की अनुमति से संबंधित प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 24 घंटे में निस्तारण करना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय कुमार शैवाल, बबेरू विधानसभा के प्रेक्षक अशोक कुमार, नरैनी प्रेक्षक विनीता, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित समस्त रिटर्निंग आफिसर, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आदि मौजूद रहे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
