- विनोद मिश्रा
बांदा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए जहां चित्रकूट मंडल का पूरा प्रशासन, सांसद तथा विधायक व अन्य भाजपा जनप्रतिनिधि आदि जुटे हुए हैं, वहीं प्रियंका की प्रतिज्ञा रैली के लिए कांग्रेस नेता तैयारी कर रहे हैं। चित्रकूट धाम मंडल के दोनों महत्वपूर्ण जिलों चित्रकूट और महोबा के प्रति लगाव और रुझान को लेकर यह भी समझा जा रहा है कि बुंदेलखंड और खासकर चित्रकूटधाम मंडल भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए ही मुफीद रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी चित्रकूटधाम मंडल में श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट और आल्हा-ऊदल की वीर भूमि महोबा विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने के लिए शायद शुभ नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि अगले माह संभावित आचार संहिता लागू होने के पहले इसी माह इन दोनों पार्टियों के पुरोधा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यहां दस्तक दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री 19 नवंबर को महोबा में कई बड़ी योजनाओं का लोकार्पण करने के बाद जनसभा करेंगे। उधर, प्रियंका गांधी 23 नवंबर को यहां प्रतिज्ञा रैली करेंगी। इसके पहले 17 नवंबर को प्रियंका चित्रकूट में महिलाओं के साथ संवाद करेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके पहले भी महोबा से देश की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण कर चुके हैं। प्रदेश के तमाम जिलों को छोड़कर वीरभूमि महोबा उनकी खास पसंद बनीं। विधानसभा चुनाव से पहले अब वह फिर आ रहे हैं। मंडल के चारों जिलों से लाभार्थी और भीड़ जुटाने को सरकारी मशीनरी और पार्टी कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि जुटे हैं।

प्रधानमंत्री की जनसभा के चार दिन बाद ही कांग्रेस की खेवनहार प्रियंका गांधी 23 नवंबर को वीरभूमि महोबा में प्रतिज्ञा रैली करेंगी। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महोबा में चलाए गए तीरों पर प्रियंका गांधी अपने बाण चलाएंगी। मंडल के दोनों महत्वपूर्ण जिलों चित्रकूट और महोबा के प्रति लगाव और रुझान को लेकर यह भी समझा जा रहा है कि बुंदेलखंड क्षेत्र में सपा की लहर के चलते वर्ष 2012 से 2017 तक सपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार थी।

उस दौरान भी बुंदेलखंड और खासकर चित्रकूटधाम मंडल में कांग्रेस ने अपना वजूद बनाए रखा। मंडल में चार विधायक कांग्रेस से जीते। इनमें बांदा से विवेक कुमार सिंह, तिंदवारी से दलजीत सिंह, राठ से गयादीन अनुरागी और कालपी से उमाकांती सिंह चुनाव जीतीं थीं। बुंदेलियों से मिला यह स्नेह कांग्रेस को भी फिर यहां अपनी कामयाबी के गुल खिलाने की उम्मीदें दिखा रहा है। प्रियंका गांधी चित्रकूटधाम मंडल में इस हफ्ते के अंदर दो बार दस्तक देंगी। उनका पहला कार्यक्रम धर्मनगरी चित्रकूट में है। यहां वह महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। यहां के बाद 23 नवंबर को महोबा का कार्यक्रम है
( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
