- विनोद मिश्रा
बांदा। घूमने गए लापता व्यवसायी का शव जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के बृहस्पति कुंड में मिलने के बाद परिजनों ने सड़क में जाम लगा दिया। हत्या की आशंका जताई। एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम खत्म हुआ। लगभग दो घंटे बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका ।

अतर्रा थानाक्षेत्र के ग्राम प्रसाद पुरवा निवासी जगजीवन वर्मा का 19 वर्षीय व्यवसायी पुत्र नवीन उर्फ बउआ कस्बे में आटो-पार्ट्स की दुकान करता था। मंगलवार को वह परिवार से बिना बताए दुकान से नजदीक के गांव चांदन पुरवा महोतरा के पांच दोस्तों के साथ तीन बाइकों पर मध्य प्रदेश के सतना जिला अंतर्गत बृहस्पति कुंड घूमने गया । गुरुवार को कुंड में संदिग्ध परिस्थितियों में बउआ का शव उतरता मिला था। बरौंधा थाने की पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को सौंपा। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिजनों व ग्रामीणों ने अतर्रा-बिसंडा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।

दिवंगत व्यवसायी के पिता ने बताया कि साथ गए हमउम्र दोस्तों ने मंगलवार शाम फोन पर उन्हें लापता होने की सूचना दी थी। जिस पर वह मौके में पहुंचकर उसकी तलाश करते रहे। जानकारी न होने पर उन्होंने बरौंधा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने गोताखोर की मदद से शव तलाशने का प्रयास किया था। मामला संदिग्ध होने से हत्या किए जाने की आशंका है। जांच कराकर मामले में उचित कार्रवाई की जाए।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरविद सिंह ने परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोगों की भीड़ ने जाम खोलने से इन्कार कर दिया। बाद में एसडीएम सुरभि शर्मा ने बरौंधा पुलिस से फोन पर बात की। उनके उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन देने पर शव हटाया गया। इसके बाद जाम खुला।वाहनों का आवागमन शुरू हो पाया।

( शरद मिश्रा- संपादक )
( सिटी न्यूज़ उत्तर प्रदेश )


![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
