
- विनोद मिश्रा
बांदा। पुलिस महकमें में बुधवार को ‘बड़ा भूचाल’ आ गया। खाकी की आड़ में मनमानी करने वालों पर एसपी पलाश बंसल का सख्त प्रहार हुआ है। शिकायतों की फाइल खुली तो कार्रवाई का डंडा भी चल गया। बदौसा थाने के हल्का इंचार्ज एसआई आशीष पटेरिया पर एसपी का ऐसा हंटर चला कि उन्हें तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया। कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में चर्चा शुरू हो गई। विभाग ने पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
आरोप हैं कि वर्दी की ताकत का गलत इस्तेमाल किया गया, फरियादियों से अभद्र व्यवहार हुआ और रुपये लेने जैसी शिकायतें लगातार सामने आती रहीं। जनता की शिकायतों को ‘गंभीरता’ से लेते हुए एसपी पलाश बंसल ने साफ कर दिया है कि पुलिस महकमे में लापरवाही, भ्रष्टाचार और मनमानी की कोई जगह नहीं है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के अनुसार एसआई आशीष पटेरिया के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में अभद्र व्यवहार, रुपये लेने के आरोप और अन्य अनियमितताओं की बातें सामने आई थीं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार चार दिन पहले बदौसा थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव निवासी देवमुनि गौतम ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि जमीन विवाद के मामले में उन्हें न्याय दिलाने के बजाय एसआई ने अभद्र व्यवहार किया। इसके अलावा विभाग के संज्ञान में रुपये लेने सहित अन्य शिकायतें भी थीं।
एसपी पलाश बंसल ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन,पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार, अभद्रता या अनुचित आचरण की शिकायत को हल्के में नहीं लिया जाएगा। नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
