
- शरद मिश्रा
बांदा। भगवान शिव की आराधना का स्थान मंदिर की पवित्र छत और वहीं बहा खून। बांदा शहर के बांधापुरवा मजरा भज्जी का पुरवा में शनिवार देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। 70 वर्षीय पुजारी सच्चिदानंद की अज्ञात हमलावरों ने डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब वह अपनी ही जमीन पर बने शंकर भगवान के मंदिर की छत पर सो रहे थे।
रात करीब ढाई बजे अचानक चीखों की आवाज गूंजी। बगल में सो रही उनकी शिष्या रोशनी सिंह, निवासी अजयगढ़ (जिला पन्ना, मध्य प्रदेश), घबराकर उठी। अंधेरे और अफरा-तफरी के बीच वह हमलावरों को पहचान नहीं सकी। जब तक वह कुछ समझ पाती, हत्यारे मौके से फरार हो चुके थे। शिष्या के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पुजारी दम तोड़ चुके थे। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक, कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड पहुंचा। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस को घटनास्थल से एक डंडा भी बरामद हुआ है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का मानना है कि पुजारी की हत्या के पीछे जमीन का विवाद हो सकता है। वहीं पुलिस फिलहाल हर पहलू पर जांच कर रही। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का एंगल भी सामने आया है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
