
- विनोद मिश्रा
बांदा। कहते हैं “बद से बदनाम बुरा” और सांसद कृष्णा देवी पटेल के प्रतिनिधि पुरुषोत्तम गुप्ता के साथ “कुछ ऐसा ही हो रहा” है। पार्टी के “गली मोहल्ले से लेकर चाय-पान की दुकान” तक, हर जगह एक ही चर्चा ‘सांसद’ की उनके ‘शकुनी प्रतिनिधि पुरूषोतम’ ने अपनी कूटनीति से कथित तौर पर उनकी ‘लुटिया डुबो दी।’
आरोप है कि ‘गुप्ता जी की गुप्त डील’ के चलते ब्लॉक से लेकर तहसील एवं जिला मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं की फाइलें धूल फांक रही हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक उनके नजदीकी वरिष्ठ पार्टी नेता तंज कसते हैं “पहले सांसद से मिलने का टाइम नहीं मिलता था, अब प्रतिनिधि से मिलने के लिए ‘अपॉइंटमेंट’ लेना पड़ता है। अपॉइंटमेंट मिल भी जाए तो काम की गारंटी नहीं।
चर्चाओं के बाजार में सबसे हिट जुमला है “सरकारी अफसरों से ऐसी ‘गुप्त-गूं’ हुई कि गुप्ता जी की आर्थिक सेहत हाथी जैसी” हो गई, और कार्यकर्ता की “माली हालत चींटी जैसी” रह गई। आरोप है कि प्रतिनिधि “चल चल मेरे हाथी” स्टाइल में घूम रहे हैं, पर ‘जनता का साथी’ वाला दायित्व निभाने में फिसड्डी हैं।
सियासी गलियारों में खुसुर-फुसुर है कि अगर सांसद कृष्णा पटेल एवं उनके पति पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल ने समय रहते ‘प्रतिनिधि रूपी शकुनी’ का इलाज नहीं किया,तो यह ‘राजनीतिक ताबूत की आखिरी कील’ साबित हो सकता है? एक वरिष्ठ नेता दबी जुबान में बोले “मैडम सांसद हैं दिल्ली में, पर बांदा में तो ‘गुप्ता जी ही सांसद’ बने घूम रहे हैं। उनकी नीति से लग रहा है कि अगली बार टिकट तो छोड़ो, कार्यकर्ता बूथ पर भी न बैठे।
इस पूरे ‘महाभारत’ पर प्रतिनिधि पुरुषोत्तम गुप्ता से पक्ष जानने की कोशिश की गई, पर उन्होंने “मौन व्रतधारण” कर रखा है। उधर सांसद कार्यालय से भी ‘नो कमेंट्स’ है। कार्यकर्ता का आरोप है की छोटे काम के लिए 10 चक्कर,बड़े काम के लिए ‘साहब बिजी हैं’। थाने से तहसील तक ‘सेटिंग’ ऐसी कि कार्यकर्ता की ‘सिफारिश’ रद्दी हो गई। कैडर से कटाव का कैलकुलेटर’ पुराने भाजपाई जोड़-घटाना कर रहे हैं कि गुप्ता जी के रहते ‘मिशन 2029’ का क्या होगा?
फिलहाल बांदा सपा में ‘प्रतिनिधि हटाओ, पार्टी बचाओ’ का नैरेटिव जोर पकड़ रहा है। अब देखना है कि सांसद कृष्णा देवी पटेल अपने ‘शकुनी’को ‘चौसर’ से बाहर करती हैं या “कौरवों” की तरह पूरा “कुनबा दांव” पर लगा देती हैं। हालांकि सांसद एवं उनके प्रतिनिधि से लगातार प्रयास के बावजूद भी उनसे बात नहीं हो पा रही औऱ उनका हम पक्ष नहीं रख पा रहे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
