
- विनोद मिश्रा
बांदा। खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को “मजबूत” करने के लिए “करोड़ों रुपये खर्च” कर बनाई जा रही “मंडलीय फूड एंड ड्रग टेस्टिंग प्रयोगशाला” अब तक शुरू नहीं हो सकी है। मार्च 2023 तक पूरा होने वाला यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट अब तक पूर्ण रूप से तैयार नहीं हो सका, जिससे जिले सहित पूरे चित्रकूटधाम मंडल की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बुंदेलखंड क्षेत्र में खाद्य व औषधि विभाग की अपनी प्रयोगशाला न होने के कारण खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए दूरस्थ शहरों में भेजना पड़ता है। फिलहाल जिले के 286 नमूने जांच के लिए आगरा और लखनऊ में लंबित पड़े हैं, जिनकी रिपोर्ट आने में कई-कई महीने लग जाते हैं।

इससे मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई भी प्रभावित हो रही है। शासन ने दिसंबर 2021 में चित्रकूटधाम मंडल की आवश्यकताओं को देखते हुए बांदा जिले के मवई गांव में 23.58 करोड़ रुपये की लागत से मंडलीय फूड एंड ड्रग टेस्टिंग प्रयोगशाला के निर्माण को मंजूरी दी थी। इस परियोजना का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को सौंपा गया था। योजना के अनुसार भवन निर्माण और आवश्यक सुविधाएं मार्च 2023 तक पूरी हो जानी चाहिए थीं, लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद परियोजना पूरी नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार प्रयोगशाला भवन और आवासीय परिसर का निर्माण अभी तक पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।काम अधूरा है। उपकरणों की स्थापना भी बाकी है।

अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य अभी करीब 90 प्रतिशत तक ही पहुंच पाया है। प्रयोगशाला के अभाव में खाद्य पदार्थों के नमूनों को जांच के लिए आगरा और लखनऊ भेजना पड़ता है। इससे रिपोर्ट आने में लंबा समय लगता है। कई मामलों में कार्रवाई भी लंबित रह जाती है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि मंडलीय प्रयोगशाला पूरी तरह चालू हो जाती है तो नमूनों की जांच 24 घंटे के भीतर संभव हो सकेगी, जिससे मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त के अनुसार प्रयोगशाला भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब टेस्टिंग मशीनों की स्थापना का कार्य किया जाना है। शासन स्तर से दो लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति भी कर दी गई है और जल्द ही अन्य स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी होने के बाद वित्तीय वर्ष 2026 से प्रयोगशाला के संचालन की उम्मीद है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
