
- शरद मिश्रा
बांदा। बुंदेलखंड का “दिल कहे जाने वाले बाँदा के लिए बड़ी खुशखबरी” है। यहां से टांडा तक जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग अब फोरलेन की रफ्तार से दौड़ेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बाँदा से शुरू होने वाले 300 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को फोरलेन बनाने का 6500 करोड़ का मेगा प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। सीमांकन पूरा हो चुका है। अब बस हरी झंडी का इंतजार है।
इस हाईवे की सबसे बड़ी पहचान बाँदा से निकलने वाली गिट्टी, मोरंग है। रोजाना सैकड़ों भारी ट्रक इसी रास्ते से पूर्वांचल की मंडियों तक पहुंचते हैं। पर सिंगल लेन और जाम के कारण ट्रांसपोर्टरों का तेल और समय दोनों बर्बाद होता है। फोरलेन बनते ही बाँदा के खनन कारोबार को पंख लग जाएंगे। माल ढुलाई तेज होगी और लागत घटेगी। यह फोरलेन बाँदा से चलकर फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर और अंबेडकरनगर होते हुए टांडा तक जाएगा। अयोध्या और आजमगढ़ जाने वालों के लिए भी बाँदा सबसे सुगम रास्ता बन जाएगा। यानि बाँदा अब बुंदेलखंड और पूर्वांचल को जोड़ने वाला सबसे बड़ा जंक्शन बनने जा रहा है।
सुलतानपुर के सेमरी में यह हाईवे सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। सेमरी के पास कारेबन में बन रहा औद्योगिक गलियारा बाँदा के व्यापारियों के लिए सोने की खान साबित होगा। बाँदा का माल अब सीधे लखनऊ, दिल्ली और बिहार तक फर्राटे से पहुंचेगा। एनएचएआई के तकनीकी उपप्रबंधक दुर्गेश कुमार ने कहा कि 300 किलोमीटर के इस मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 6500 करोड़ की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू होगा। इससे बाँदा समेत पूरे क्षेत्र में व्यापार, निवेश और रोजगार की बहार आएगी। फोरलेन बनने से बाँदा में पर्यटन भी बढ़ेगा। कालिंजर, चित्रकूट और खजुराहो आने वाले सैलानी अब बेहतर सड़क से बाँदा होकर गुजरेंगे। जाम से मुक्ति, सफर में बचत और कारोबार में बूम। बाँदा वालों के लिए यह फोरलेन किसी वरदान से कम नहीं।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh Desk, . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh Desk. Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
