
- विनोद मिश्रा
बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की “बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं” को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक विशंभर सिंह यादव ने “प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग” पर “तीखा हमला” बोला है। विधायक ने आरोप लगाया कि “उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक” के निर्देशों को अधिकारियों ने पूरी तरह से “हवा में उड़ा” दिया है !

उन्होंने साफ कहा कि मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्सों और डॉक्टरों की भारी कमी के बावजूद छह माह बीत जाने के बाद भी “वॉक-इन इंटरव्यू” की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी, जिससे मरीजों की जान जोखिम में डाली जा रही है। इस गंभीर मुद्दे को विधायक विशंभर यादव नें 9 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र के दौरान विधानसभा में उठाने की घोषणा की है।

विधायक विशंभर सिंह यादव ने बताया कि एक सितंबर 2025 को जब स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक बांदा दौरे पर आए थे, तब मेडिकल कॉलेज में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया द्वारा स्टाफ नर्सों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया गया था।

उस समय स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सुनील कौशिक को वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश देते हुए आवश्यक अधिकार भी प्रदान किए थे। लेकिन हकीकत यह है कि आज तक न तो “वॉक-इन इंटरव्यू” हुए और न ही स्टाफ नर्सों व डॉक्टरों की नियुक्ति हो सकी।

विधायक विशंभर ने कहा कि प्राचार्य द्वारा स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के क्रम में निदेशालय को पत्र लिखा गया था, लेकिन वह “फाइल” आज तक निदेशालय स्तर पर ही “धूल फांक” रही है। कई बार रिमाइंडर भेजे गए, इसके बावजूद “वॉक-इन इंटरव्यू” का आदेश जारी नहीं किया गया। नतीजा यह है कि मेडिकल कॉलेज लगभग डेढ़ सौ स्टाफ नर्सों की कमी से जूझ रहा है और पूरी व्यवस्था “राम भरोसे” चल रही है।

विशंभर सिंह यादव ने बताया कि हालात इतने गंभीर हैं कि “हार्ट स्पेशलिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट” जैसे अहम विशेषज्ञ डॉक्टर वर्षों से मेडिकल कॉलेज में तैनात नहीं हैं। इससे गंभीर मरीजों को या तो रेफर किया जा रहा है या फिर उन्हें “निजी अस्पतालों की ओर धकेला” जा रहा है। उन्होंने आश्चर्य जताया है कि जब मंत्री स्तर से निर्देश हो चुके थे,तो फिर जिम्मेदार अफसर किसके इशारे पर इसे दबाकर बैठे हैं ? विधायक विशंभर ने मेडिकल कॉलेज की मौजूदा स्थिति को “बूचड़खाने जैसी” बताते आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ “घोषणाएं” करती है, जबकि “ज़मीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट” है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
