
- शरद मिश्रा
बांदा। जिस आंगन में ‘सुबह तक किलकारियां’ गूंज रही थीं, वहां शाम होते-होते ‘चीख-पुकार और सन्नाटा’ छा गया। जिले के पैलानी तहसील अंतर्गत पिपरहरी गांव में ‘तीन साल के मासूम शिवांश की तालाब में डूबने से मौत’ हो गई। खेलते-खेलते हुई इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी,बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया।

पिपरहरी गांव निवासी सुमत प्रजापति का सबसे छोटा बेटा शिवांश बुधवार सुबह घर से खेलने निकला था। नन्हें कदमों और मासूम मुस्कान के साथ वह रोज़ की तरह घर के आसपास खेलने चला गया। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह उसकी आखिरी सुबह होगी। जब देर शाम तक शिवांश घर नहीं लौटा, तो मां गुड़िया की बेचैनी बढ़ गई। आवाज़ें दी गईं, गलियों में तलाश हुई, खेतों और रास्तों पर ढूंढा गया। पूरे गांव में मुनादी कराई गई। हर कोई मासूम को खोजने में जुट गया। सूचना पर पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के साथ घंटों तक खोजबीन चली।

आखिरकार वह क्षण आया, जिसने सबकी ‘सांसें थाम’ दीं घर के सामने स्थित ‘तालाब में शिवांश का नन्हा शव’ उतराता मिला। यह वही तालाब था, जहां बच्चे अक्सर खेलने चले जाते हैं। जैसे ही यह खबर मां-बाप तक पहुंची,मां गुड़िया बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। पिता सुमत प्रजापति की आंखें पथरा गईं। शिवांश तीन भाइयों में सबसे छोटा था ‘घर की रौनक, परिवार की जान’। उसकी मौत ने सब कुछ सूना कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है। घटना की जांच की जा रही है।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
