
- विनोद मिश्रा
बांदा। जिले की पहचान, इतिहास और खेल संस्कृति पर मंडरा रहे खतरे के खिलाफ अब सियासी और जनआंदोलन की आंधी उठ खड़ी हुई है। ऐतिहासिक राइफल क्लब खेल मैदान को बचाने की लड़ाई ने उग्र रूप ले लिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने शासन-प्रशासन को सीधी चेतावनी देते हुए ऐलान किया है कि यदि नीलामी निरस्त करने का लिखित आदेश सार्वजनिक नहीं हुआ, तो 17 जनवरी 2026 को बांदा में ऐतिहासिक धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन होगा।

पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अपने आवास पर जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, सैकड़ों खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ रणनीतिक बैठक कर यह साफ कर दिया कि अब यह लड़ाई राजनीतिक नहीं, बल्कि जनपद की अस्मिता की लड़ाई बन चुकी है। बैठक में माहौल आक्रामक रहा और एक स्वर में कहा गया “राइफल क्लब बिकेगा नहीं, मिटेगा नहीं, टूटेगा नहीं!” नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैला रहे हैं कि राइफल क्लब की नीलामी रोक दी गई है, जबकि शासन और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों से सीधी बातचीत में ऐसा कोई आदेश मौजूद नहीं है।

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा “अगर किसी के पास नीलामी रद्द करने और मैदान को स्थायी रूप से खेल के लिए आरक्षित करने का आदेश है, तो वह सार्वजनिक” करे। पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने साफ कहा कि यह संघर्ष किसी दल का नहीं, बल्कि बांदा की ऐतिहासिक धरोहर और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

बैठक में तय किया गया कि 17 जनवरी 2026 को हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरेंगे। जरूरत पड़ी तो आमरण अनशन भी किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित, शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, एआईसीसी सदस्य रमेश चंद्र कोरी, प्रद्युम्न दुबे, पीसीसी सदस्य मुमताज अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, नगरवासी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा “राइफल क्लब बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष होगा।”
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
