
- शरद मिश्रा
चित्रकूट। जिले में राजापुर तहसील के अंतर्गत आने वाला गांव अरछा बरेठी इस समय अपने अस्तित्व के संकट से जूझ रहा है। हर साल बरसात के मौसम में आने वाली पैसुनी नदी की बाढ़ से गांव में तबाही मच जाती है। नदी के लगातार कटान से अब हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि गांव का बड़ा हिस्सा खतरे में है।

सैकड़ों ग्रामीण हर बरसात में बेघर होकर खेतों और खलिहानों में झोपड़ियां डालने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल यह समस्या दोहराई जाती है, लेकिन आज तक किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया। गांव के युवा समाजसेवी शंकर यादव पिछले पांच वर्षों से पैसुनी नदी के कटान को रोकने की मांग उठा रहे हैं।

उन्होंने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री और जलशक्ति मंत्री को पत्र लिखकर नदी में पिचिंग कार्य कराए जाने की मांग की है, ताकि गांव को बचाया जा सके। शंकर यादव का कहना है कि हमने बार-बार शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक किसी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई।

अधिकारी केवल सर्वे कर चले जाते हैं, मगर कोई कार्यवाही नहीं होती। इस बीच सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने इस समस्या पर सर्वेक्षण किया, लेकिन विभाग के उच्चाधिकारियों, विशेषकर मुख्य अभियंता बेतवा झांसी सर्किल, ने इस मांग को “औचित्यहीन” बताया। उनका कहना है कि “इस क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति नहीं बनती।”

ग्रामीणों ने विभाग के इस रुख पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि “जिन अधिकारियों को जमीनी हकीकत का अंदाजा नहीं, वे कैसे समाधान देंगे ?” नवागंतुक डीएम पुलकित गर्ग से ग्रामीणों को उम्मीद है कि वह इस गंभीर समस्या पर ध्यान देंगे और पैसुनी नदी के कटान को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-08-23_02-31-51-905-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2024/02/Picsart_22-05-19_02-24-18-152-scaled.jpg)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_0000000055a072089a09490a85573f53-683x1024.png)
![Sharad Mishra [ Editor In Chief ] CITY NEWS Uttar Pradesh](https://citynewsuttarpradesh.in/wp-content/uploads/2026/05/file_00000000022872078732ec3f33441b29.png)
Notice: This report has been updated by City News Uttar Pradesh , . Full responsibility for the content of this report rests with City News Uttar Pradesh . Neither www.citynewsuttarpradesh.in nor the Editorial Board bears any responsibility.
